Ravindra Chavan's birthday: मंदिर में आशीर्वाद, वृद्धाश्रम में सेवा... रविंद्र चव्हाण के जन्मदिन पर दिखा जनसेवा का रंग

डिजिटल डेस्क, मुंबई। भाजपा महाराष्ट्र प्रदेश अध्यक्ष रविंद्र चव्हाण के जन्मदिन के अवसर पर सोमवार को पूरे महाराष्ट्र में धार्मिक, सामाजिक एवं जनोपयोगी कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। रविंद्र चव्हाण ने अपने जन्मदिन की शुरुआत डोंबिवली के ग्रामदैवत श्री गणेश मंदिर संस्थान में दर्शन कर की। इसके बाद उन्होंने सपरिवार ‘जननी आशीष’ अनाथालय, ‘अपना घर’ वृद्धाश्रम तथा ‘डोंबिवलीकर न्यू फोर्स अकादमी’ का दौरा किया और वहां रहने वाले नागरिकों एवं प्रशिक्षणार्थियों के साथ अपना जन्मदिन मनाया। ‘डोंबिवलीकर एक सांस्कृतिक परिवार’ की ओर से आयोजित स्नेह सम्मेलन में बहनों ने रविंद्र चव्हाण का औक्षण किया। इस अवसर पर उन्होंने नागरिकों के साथ भी जन्मदिन की खुशियां साझा कीं।
विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न जनसंपर्क कार्यालयों में अभिनंदन एवं शुभेच्छा समारोह आयोजित किए गए। महिला पदाधिकारियों ने रविंद्र चव्हाण का औक्षण किया, जबकि भाजपा के नगरसेवकों, पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं एवं नागरिकों ने उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं।
जन्मदिन के अवसर पर कल्याण-डोंबिवली में भाजपा के विभिन्न कार्यालयों का उद्घाटन भी किया गया। इस दौरान Gen Z युवाओं ने गुलाब का फूल भेंट कर रविंद्र चव्हाण को शुभकामनाएं दीं।
बुजुर्गों को मिला वरिष्ठ नागरिक का प्रमाण पत्र
रविंद्र चव्हाण के दीर्घायु एवं उत्तम स्वास्थ्य की कामना के लिए आयोजित होम-हवन जैसे धार्मिक अनुष्ठानों के साथ ही राज्यभर में विभिन्न जनकल्याणकारी उपक्रम भी चलाए गए।
इन उपक्रमों के तहत जरूरतमंद नागरिकों को निःशुल्क राशन सामग्री, विद्यार्थियों को साइकिल, गैर-पारंपरिक ऊर्जा को प्रोत्साहन देने के लिए सोलर पैनल, युवाओं को ड्राइविंग लाइसेंस प्राप्त करने में सहयोग तथा सुरक्षा की दृष्टि से हेलमेट का वितरण किया गया। वरिष्ठ नागरिकों को वरिष्ठ नागरिक प्रमाणपत्र भी वितरित किए गए। सामाजिक स्वास्थ्य के प्रति प्रतिबद्धता के तहत राज्य के विभिन्न स्थानों पर रक्तदान शिविरों का आयोजन किया गया। वहीं, वृद्धाश्रमों में वॉशिंग मशीन सहित अन्य आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराई गई।
कौशल विकास एवं रोजगार मंत्री मंगल प्रभात लोढ़ा, विधायक महेंद्र थोरवे, विधायक प्रशांत ठाकुर, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के स्वयंसेवकों तथा भाजपा परिवार के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं सहित बड़ी संख्या में नागरिकों ने रविंद्र चव्हाण से प्रत्यक्ष मुलाकात कर उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं । धार्मिक आस्था, सामाजिक उपक्रम, युवाओं की भागीदारी और वरिष्ठ नागरिकों के सम्मान को केंद्र में रखते हुए रविंद्र चव्हाण का जन्मदिन विभिन्न कार्यक्रमों के साथ मनाया गया। इस अवसर पर रविंद्र चव्हाण ने कहा कि नागरिकों द्वारा व्यक्त किया गया विश्वास, स्नेह और अपनापन जनसेवा के कार्यों में और अधिक ऊर्जा एवं प्रेरणा देने वाला है।
Created On :   21 Sept 2026 8:45 PM IST












