गर्मियों में ठंडक और पोषण का मेल 'खरबूजे की खीर', जानें बनाने की विधि
नई दिल्ली, 8 जून (आईएएनएस)। देश के कई राज्यों में भीषण गर्मी पड़ रही है। ऐसे में लोग परेशान हैं कि क्या खाएं, क्या नहीं? गर्मियों के मौसम में शरीर को ठंडक और ताजगी देने वाली मौसमी चीजों की मांग बढ़ जाती है। ऐसे में खरबूजे की खीर एक खास मीठा है। जो न सिर्फ स्वाद में हल्की और ताजगी भरी बल्कि सेहत के लिए भी बेहद फायदेमंद है।
खरबूजे की खीर दूध, चावल और पके हुए खरबूजे के गूदे से तैयार की जाती है। इसका स्वाद हल्का मीठा और क्रीमी होता है, जो गर्मियों में ठंडक का अहसास देता है। लोग इसे घरों में आसानी से बना सकते हैं।
आयुर्वेद के अनुसार, खरबूजा गर्मियों में शरीर के लिए एक प्राकृतिक वरदान माना जाता है। इसमें लगभग 90 प्रतिशत तक पानी पाया जाता है, जो शरीर को हाइड्रेट रखने में मदद करता है। गर्मी में जब पसीने के कारण शरीर में पानी की कमी होने लगती है, तब खरबूजा इस कमी को दूर करने में अहम भूमिका निभाता है।
इसके अलावा, खरबूजे में विटामिन ए, विटामिन सी, पोटेशियम और फाइबर जैसे कई जरूरी पोषक तत्व पाए जाते हैं। ये तत्व न केवल शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता को मजबूत बनाते हैं, बल्कि पाचन तंत्र को भी बेहतर रखते हैं। फाइबर की मौजूदगी कब्ज जैसी समस्याओं को दूर करने में सहायक होती है।
आयुर्वेद में खरबूजे को ठंडा प्रभाव वाला फल माना गया है, जो शरीर की अतिरिक्त गर्मी को कम करता है और पेट को ठंडक देता है। यह त्वचा के लिए भी लाभकारी है, क्योंकि इसमें मौजूद विटामिन ए और सी त्वचा को स्वस्थ और चमकदार बनाए रखने में मदद करते हैं। साथ ही यह आंखों की सेहत के लिए भी उपयोगी माना जाता है।
विशेषज्ञों का कहना है कि खरबूजा कम कैलोरी वाला फल है, जो वजन नियंत्रित रखने में भी सहायक है। यह पेट को लंबे समय तक भरा हुआ महसूस कराता है, जिससे बार-बार खाने की आदत कम होती है। हालांकि, डायबिटीज के मरीजों को इसका सेवन डॉक्टर की सलाह के अनुसार ही करना चाहिए।
खरबूजे की खीर भी फायदेमंद होती है। इसे बनाने के लिए सबसे पहले दूध को उबालकर उसमें चावल मिलाए जाते हैं और इसे धीमी आंच पर पकाया जाता है। इसके बाद इसमें कंडेंस्ड मिल्क मिलाकर मिठास बढ़ाई जाती है। अंत में पके हुए खरबूजे के गूदा को डालकर मिश्रण को अच्छी तरह पकाया जाता है। तैयार खीर को ठंडा करके फ्रिज में रखा जाता है और परोसते समय इसे केसर और बादाम से सजाया जाता है। गर्मियों में यह खीर न सिर्फ स्वाद में बेहतरीन होती है, बल्कि शरीर को ठंडक और ऊर्जा देने का भी काम करती है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   8 Jun 2026 10:28 PM IST












