गोंडा सदर तहसील में शिकायत लेकर आए बुजुर्ग की संदिग्ध मौत एसडीएम

गोंडा सदर तहसील में शिकायत लेकर आए बुजुर्ग की संदिग्ध मौत एसडीएम
उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले की सदर तहसील में सोमवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब अभिलेखों का मुआयना करने आए एक बुजुर्ग की अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद मौत हो गई। मृतक की पहचान सीताराम पुरम कॉलोनी निवासी 60 वर्षीय अनिल श्रीवास्तव पुत्र छोटेलाल श्रीवास्तव के रूप में हुई। वह किसी शिकायत और अभिलेख संबंधी कार्य के लिए तहसील पहुंचे थे।

गोंडा, 8 जून (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले की सदर तहसील में सोमवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब अभिलेखों का मुआयना करने आए एक बुजुर्ग की अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद मौत हो गई। मृतक की पहचान सीताराम पुरम कॉलोनी निवासी 60 वर्षीय अनिल श्रीवास्तव पुत्र छोटेलाल श्रीवास्तव के रूप में हुई। वह किसी शिकायत और अभिलेख संबंधी कार्य के लिए तहसील पहुंचे थे।

जानकारी के अनुसार, अनिल श्रीवास्तव सदर तहसील भवन के प्रथम तल पर स्थित कक्ष संख्या 16 में अभिलेखागार के रिकॉर्ड का मुआयना कर रहे थे। इसी दौरान उनकी अचानक तबीयत बिगड़ गई और वह कुर्सी पर बैठे-बैठे ही अचेत होकर गिर पड़े। घटना की जानकारी मिलते ही वहां मौजूद राजस्व कर्मियों ने तत्काल अधिकारियों को सूचना दी।

सूचना मिलने पर सदर एसडीएम जितेंद्र कुमार गौतम, नगर कोतवाल और नायब तहसीलदार मौके पर पहुंचे। पुलिस कर्मियों ने अनिल श्रीवास्तव को बचाने के लिए तत्काल सीपीआर देने का प्रयास किया, लेकिन तब तक उनकी स्थिति गंभीर हो चुकी थी। इसके बाद उन्हें आनन-फानन में गोंडा मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। चिकित्सकों के अनुसार, अस्पताल पहुंचने से पहले ही उनकी मौत हो चुकी थी।

प्रारंभिक तौर पर हार्ट अटैक को मौत का संभावित कारण माना जा रहा है। हालांकि, डॉक्टरों ने अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। वहीं, इन दिनों पड़ रही भीषण गर्मी को देखते हुए स्वास्थ्य संबंधी आपात स्थिति की आशंका भी जताई जा रही है।

सदर एसडीएम जितेंद्र कुमार गौतम ने घटना की पुष्टि करते हुए समाचार एजेंसी आईएएनएस को बताया कि अनिल श्रीवास्तव अभिलेखों के निरीक्षण के लिए तहसील आए थे। अचानक तबीयत खराब होने पर उन्हें तत्काल मेडिकल कॉलेज भेजा गया, लेकिन चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद तहसील परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। नगर कोतवाली पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर परिजनों को सूचना दी। परिजनों की मौजूदगी में पंचायतनामा की कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। फिलहाल, पुलिस और तहसील प्रशासन मामले की जांच में जुटे हैं तथा पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   8 Jun 2026 10:49 PM IST

Tags

Next Story