जीसीएल सीजन 4 कार्लसन-विदित की शानदार जीत, अल्पाइन एपीएल पाइपर्स ने फाईर्स अमेरिकन गैम्बिट्स को दी शिकस्त

जीसीएल सीजन 4 कार्लसन-विदित की शानदार जीत, अल्पाइन एपीएल पाइपर्स ने फाईर्स अमेरिकन गैम्बिट्स को दी शिकस्त
बेंगलुरु में चल रही ग्लोबल चेस लीग (जीसीएल) के सीजन 4 में दुनिया के नंबर 1 खिलाड़ी मैग्नस कार्लसन ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जावोखिर सिंदारोव की लगातार तीन जीत का सिलसिला रोक दिया।

बेंगलुरु, 11 सितंबर (आईएएनएस)। बेंगलुरु में चल रही ग्लोबल चेस लीग (जीसीएल) के सीजन 4 में दुनिया के नंबर 1 खिलाड़ी मैग्नस कार्लसन ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जावोखिर सिंदारोव की लगातार तीन जीत का सिलसिला रोक दिया।

दूसरी ओर, भारतीय ग्रैंडमास्टर विदित गुजराती ने डैनिल डुबोव को एक रोमांचक मुकाबले में हराया। विदित ने रूक और नाइट वाले एंडगेम में बेहतरीन खेल दिखाते हुए जीत हासिल की। कार्लसन और विदित की इन महत्वपूर्ण जीतों की बदौलत मौजूदा चैंपियन अल्पाइन एपीएल पाइपर्स ने फाईर्स अमेरिकन गैम्बिट्स को 9-7 से हराया। यह मुकाबला लीग की शीर्ष दो टीमों के बीच खेला गया था। नौवें राउंड से पहले पाइपर्स और अमेरिकन गैम्बिट्स मैच प्वाइंट और गेम प्वाइंट के मामले में बराबरी पर थे, और फाइनल में जगह बनाने के लिए दोनों टीमों के लिए यह मैच जीतना जरूरी था।

'प्लेयर ऑफ द मैच' का अवॉर्ड जीतने वाले कार्लसन ने आइकॉन बोर्ड पर सिंदारोव के खिलाफ पूरे समय अपना दबदबा बनाए रखा और उज्बेकिस्तान के खिलाड़ी को 36 चालों के बाद हार मानने पर मजबूर कर दिया। कार्लसन ने कहा, "सबसे पहले, मुझे लगता है कि यह एक शानदार मैच था जिसमें टीम का प्रदर्शन बहुत अच्छा रहा। हम जीत पाकर बहुत खुश हैं। मेरे गेम में, मैं शुरुआत में काफी अच्छा खेल रहा था, लेकिन उन्होंने (सिंदारोव ने) कड़ी टक्कर दी, और मैं मुश्किल से निकलकर जीत हासिल करने में कामयाब रहा।" उन्होंने यह भी कहा कि विदित उनसे ज्यादा ट्रॉफी के हकदार हैं और फिर ट्रॉफी भारतीय जीएम को सौंप दी।

सुपरस्टार मेन्स बोर्ड पर विदित और डुबोव के बीच का गेम 'टाइम स्क्रैम्बल' (समय की कमी) की स्थिति में पहुंच गया था, लेकिन भारतीय जीएम ने अपना संयम बनाए रखा। उन्होंने अपने प्रतिद्वंद्वी के रूक के मुकाबले एक अतिरिक्त नाइट और प्यादे का पूरा फायदा उठाया और 96 चालों के लंबे मुकाबले के बाद जीत हासिल की, जिससे पाइपर्स ने गैम्बिट्स के खिलाफ दूसरी बार जीत दर्ज की।

महिला विश्व कप विजेता दिव्या देशमुख का जीसीएल में डेब्यू के दौरान संघर्ष जारी रहा। शुक्रवार को बिबिसारा असौबायेवा के खिलाफ 34वीं चाल पर उनका समय खत्म हो गया, जो उनकी टीम की एकमात्र हार थी। विदित ने कहा, "यह बहुत कड़ा मुकाबला था, और जब मैंने बोर्ड देखा, तो हम जीत की पक्की स्थिति में नहीं थे। मुझे लगा कि मैंने अच्छा खेल खेला, और टीम के लिए जीतना बहुत अच्छा रहा।"

सबसे नीचे की दो टीमों के बीच हुए मुकाबले में दो बार की चैंपियन त्रिवेणी कॉन्टिनेंटल किंग्स, पीबीजी अलास्कन नाइट्स पर भारी पड़ीं। सुपरस्टार महिला बोर्ड पर झू जिनेर ने टूर्नामेंट में अपनी पहली जीत दर्ज की और कैटेरिना लैग्नो को 44 चालों में हराया। एलेक्जेंड्रा कोस्टेनियुक ने नीनो बटसियाश्विली की गलती का फायदा उठाया, जबकि प्रणव वेंकटेश ने 'प्रॉडिजी बोर्ड' पर 42 चालों के बाद अभिमन्यु मिश्रा को हार मानने पर मजबूर कर दिया।

कॉन्टिनेंटल किंग्स ने काले मोहरों के साथ तीन जीत से 12 अंक हासिल किए, जिससे अर्जुन एरिगैसी की वेई यी पर जीत और 15 साल के यागिज कान एर्दोगमुस की अरविंद चिदंबरम पर जीत के बावजूद अलास्कन नाइट्स के फाइनल में पहुंचने की उम्मीदों को कोई खास मदद नहीं मिली।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   11 Sept 2026 10:58 PM IST

Tags

Next Story