गाजियाबाद कबाड़ गोदाम में भीषण आग, फायर विभाग की तत्परता से टला बड़ा हादसा
गाजियाबाद, 11 अप्रैल (आईएएनएस)। गाजियाबाद जिले के गगन विहार भोपुरा क्षेत्र में शनिवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब जाहर पीर वाले मंदिर के पास स्थित एक कबाड़ के गोदाम में अचानक भीषण आग लग गई। हालांकि, गनीमत रही कि इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
जानकारी के मुताबिक, शनिवार को समय लगभग 2:29 पर फायर विभाग को आग लगने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही फायर स्टेशन से तत्काल एक फायर टेंडर यूनिट प्रभारी अधिकारी के साथ घटनास्थल के लिए रवाना किया गया। साथ ही फायर सीजन ड्यूटी के तहत टीलामोड़ पर तैनात फायर टेंडर को भी मौके पर भेजा गया।
घटनास्थल पर पहुंचने पर दमकल कर्मियों ने देखा कि आग विकराल रूप धारण कर चुकी थी और तेजी से फैल रही थी। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए आसपास बने रिहायशी मकानों पर भी खतरा मंडराने लगा। तत्काल इस संबंध में मुख्य अग्निशमन अधिकारी (सीएफओ) को सूचित किया गया।
सीएफओ के निर्देश पर लोनी और वैशाली फायर स्टेशनों से भी अतिरिक्त फायर टेंडर मौके के लिए रवाना किए गए। कुछ ही समय में मुख्य अग्निशमन अधिकारी स्वयं भी घटनास्थल पर पहुंच गए और उनके निर्देशन में दमकल कर्मियों ने चारों ओर से आग को घेरकर बुझाने का अभियान शुरू किया।
कड़ी मशक्कत, त्वरित कार्रवाई और सूझबूझ के साथ दमकल टीम ने आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। इस दौरान आसपास के मकानों को सुरक्षित बचा लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा होने से टल गया। आग बुझाने के बाद मौके पर निरीक्षण और स्थानीय लोगों से पूछताछ में पता चला कि आग संभवतः लकड़ी से खाना पकाने के दौरान उठी चिंगारी के पास में पड़े कूड़े तक पहुंचने के कारण फैली।
राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   11 April 2026 8:44 PM IST












