गाजियाबाद के इंदिरापुरम में पुलिस और बदमाशों में मुठभेड़, दो बदमाश गिरफ्तार
गाजियाबाद, 9 सितंबर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश में गाजियाबाद के इंदिरापुरम थाना क्षेत्र में पुलिस और शातिर वाहन चोरों के बीच मंगलवार रात मुठभेड़ हो गई। मुठभेड़ में पुलिस ने दो बदमाशों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से इंदिरापुरम क्षेत्र से चोरी की गई ब्रेजा कार और अवैध असलहा बरामद किया गया है।
पुलिस के मुताबिक, थाना इंदिरापुरम की टीम कनावनी पुलिया के पास चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान सामने से ग्रे रंग की एक ब्रेजा कार आती दिखाई दी। पुलिसकर्मियों ने कार को रुकने का इशारा किया, लेकिन कार सवारों ने वाहन रोकने के बजाय उसे मोड़कर भागने का प्रयास किया। पुलिस टीम ने संदिग्ध कार का पीछा किया।
पीछा करने के दौरान कार अनियंत्रित होकर बाईं ओर टकरा गई। इसके बाद कार में सवार दोनों आरोपी वाहन से उतरकर भागने लगे। पुलिस के अनुसार, भागते समय आरोपियों ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग शुरू कर दी। पुलिसकर्मियों ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की।
इस कार्रवाई में कार चला रहे एक बदमाश के पैर में गोली लग गई। घायल बदमाश को पुलिस ने मौके से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम गुड्डू कुमार बताया। वहीं, दूसरे आरोपी की तलाश में पुलिस ने इलाके में कॉम्बिंग अभियान चलाया, जिसके दौरान उसे भी गिरफ्तार कर लिया गया। पकड़े गए दूसरे आरोपी की पहचान छोटू कुमार के रूप में हुई है।
पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार दोनों आरोपी शातिर वाहन चोर हैं और इनमें से एक के अंतरराष्ट्रीय वाहन चोरी गिरोह से जुड़े होने की जानकारी सामने आई है। आरोपियों के कब्जे से चोरी की ब्रेजा कार के साथ अवैध असलहा भी बरामद किया गया है। पुलिस बरामद वाहन और हथियारों की जांच कर रही है।
मुठभेड़ में घायल आरोपी को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। साथ ही पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर उनके गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों और वाहन चोरी की अन्य घटनाओं के बारे में जानकारी जुटा रही है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पूछताछ में कई चोरी के खुलासे हुए हैं, जल्द ही और भी मामले सामने आ सकते हैं। अन्य लोगों की गिरफ्तारी के लिए टीम का गठन किया जा रहा है, जल्द ही इसके गैंग के सभी सदस्यों को गिरफ्तार किया जाएगा।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   9 Sept 2026 9:10 AM IST












