यूजीसी नेट 2026 परीक्षा में शामिल हो रहे उम्मीदवारों को एनटीए ने दी शुभकामनाएं, पहले जारी की थी एडवाइजरी

नई दिल्ली, 9 सितंबर (आईएएनएस)। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) ने यूजीसी नेट 2026 परीक्षा में शामिल हो रहे उम्मीदवारों को शुभकामनाएं दी हैं। एनटीए ने 'एक्स' पर पोस्ट करते हुए लिखा, "अंग्रेजी, समाजशास्त्र और वाणिज्य की यूजीसी नेट 2026 परीक्षा में शामिल होने वाले हर उम्मीदवार को शुभकामनाएं। अपने केंद्र पर जल्दी पहुंचें, अपना एडमिट कार्ड और एक वैध फोटो आईडी साथ रखें और निर्देशों का पालन करें। ऑल द बेस्ट।"
एनटीए यूजीसी नेट 2026 की परीक्षा बुधवार से लेकर गुरुवार तक आयोजित की जा रही है, जिसमें बुधवार को पहली पाली में अंग्रेजी विषय के लिए परीक्षा निर्धारित की गई है। वहीं, दूसरी पाली कॉमर्स के विद्यार्थियों के लिए निर्धारित है। गुरुवार को समाजशास्त्र की परीक्षाएं आयोजित की जाएंगी।
इससे पहले मंगलवार को एनटीए ने दिल्ली में यूजीसी नेट जून 2026 की पुनर्परीक्षा में शामिल होने वाले उम्मीदवारों के लिए एक जरूरी सलाह जारी की थी। एजेंसी ने कहा था कि उम्मीदवार अपनी यात्रा की योजना पहले से ही बना लें।
एनटीए ने बताया था कि 9 और 10 सितंबर को राष्ट्रीय राजधानी में यात्रा प्रतिबंधों की संभावना है, जिससे सड़क यात्रा लंबी हो सकती है और परीक्षा केंद्रों तक पहुंचने में देरी हो सकती है।
परीक्षार्थियों के लिए जारी सलाह में एजेंसी ने सभी उम्मीदवारों से आग्रह किया था कि वे अपने यात्रा मार्गों की पहले से जांच कर लें, समय से पहले निकलें और निर्धारित परीक्षा केंद्रों तक पहुंचने के दौरान संभावित यातायात प्रतिबंधों, मार्गों में बदलाव या देरी को ध्यान में रखते हुए पर्याप्त अतिरिक्त समय अपने पास रखें।
एनटीए ने कहा था कि उम्मीदवारों को पहले से ही उचित व्यवस्था करनी चाहिए और यात्रा के समय में वृद्धि की संभावना को ध्यान में रखना चाहिए, ताकि वे रिपोर्टिंग समय से काफी पहले अपने संबंधित परीक्षा केंद्रों पर पहुंच सकें और अंतिम समय की किसी भी कठिनाई से बच सकें।
अंग्रेजी, वाणिज्य और समाजशास्त्र विषयों की पुनर्परीक्षा देश भर के विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की जा रही है। कार्यक्रम के अनुसार, पुनर्परीक्षा 9 और 10 सितंबर को आयोजित की जा रही है।
अंग्रेजी की परीक्षा बुधवार सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक पहली शिफ्ट में कराई जा रही है, जबकि वाणिज्य की परीक्षा दोपहर 3 बजे से शाम 6 बजे तक दूसरी शिफ्ट में निर्धारित है। समाजशास्त्र का पेपर गुरुवार को सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक पहली शिफ्ट में आयोजित किया जाएगा।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :  
