गिरिडीह पचंबा थाने में भाजपा कार्यकर्ता की पिटाई का आरोप, बाबूलाल मरांडी बोले-थाना प्रभारी पर तत्काल कार्रवाई हो

गिरिडीह  पचंबा थाने में भाजपा कार्यकर्ता की पिटाई का आरोप, बाबूलाल मरांडी बोले-थाना प्रभारी पर तत्काल कार्रवाई हो
झारखंड के गिरिडीह जिले के पचंबा थाना परिसर में पुलिस पर भाजपा युवा मोर्चा के कार्यकर्ता श्रेयांश के साथ कथित तौर पर मारपीट की घटना पर भारतीय जनता पार्टी ने तीव्र विरोध दर्ज कराया है। झारखंड विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने आरोप लगाया कि अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई करने के बजाय पुलिस थाने में भाजपा कार्यकर्ताओं पर लाठियां बरसा रही है।

गिरिडीह, 4 सितंबर (आईएएनएस)। झारखंड के गिरिडीह जिले के पचंबा थाना परिसर में पुलिस पर भाजपा युवा मोर्चा के कार्यकर्ता श्रेयांश के साथ कथित तौर पर मारपीट की घटना पर भारतीय जनता पार्टी ने तीव्र विरोध दर्ज कराया है। झारखंड विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने आरोप लगाया कि अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई करने के बजाय पुलिस थाने में भाजपा कार्यकर्ताओं पर लाठियां बरसा रही है।

उन्होंने पचंबा थाना प्रभारी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। भाजपा युवा मोर्चा के कार्यकर्ता श्रेयांश के अनुसार, वे और उनके कुछ साथी एक नाबालिग बच्ची के साथ कथित छेड़खानी और उसके परिवार को परेशान किए जाने के विरोध में पीड़ित परिवार के सदस्यों के साथ पचंबा थाना पहुंचे थे। वे इस मामले में पुलिस से कार्रवाई की मांग कर रहे थे। आरोप है कि थाना पहुंचने के बाद पुलिसकर्मियों ने उनके साथ दुर्व्यवहार किया।

श्रेयांश का आरोप है कि उन्हें थाना परिसर में रोक लिया गया और थाना प्रभारी के निर्देश पर पुलिसकर्मियों ने उसकी लाठी-डंडे से पिटाई की। भाजपा नेताओं का आरोप है कि नाबालिग बच्ची और उसके परिवार की शिकायत सुनकर कार्रवाई करने के बजाय पुलिस ने उनके पक्ष में थाना पहुंचे कार्यकर्ताओं के साथ ही मारपीट की। उन्होंने पचंबा थाना प्रभारी के खिलाफ कार्रवाई और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।

बाबूलाल मरांडी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इस घटना को लेकर हेमंत सोरेन सरकार और पुलिस पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि अपराधियों के सामने पीठ दिखाकर भागने वाली सरकार की पुलिस थाने में भाजपा कार्यकर्ताओं पर लाठियां बरसाकर खुद को शेर समझ रही है। मरांडी ने पचंबा थाना प्रभारी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए गिरिडीह पुलिस अधीक्षक से मामले में कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।

उन्होंने पुलिस पर वर्दी की आड़ में मनमानी करने का आरोप लगाया। नेता प्रतिपक्ष ने चेतावनी दी कि यदि मामले में कार्रवाई नहीं हुई तो भाजपा सड़क पर उतरकर विरोध करेगी। ऐसे पुलिसकर्मियों की मनमानी का पार्टी राजनीतिक और लोकतांत्रिक तरीके से जवाब देगी।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   4 Sept 2026 4:07 PM IST

Tags

Next Story