गोल्फ क्वीन सिरिकिट कप के लिए भारतीय टीम की अगुवाई करेंगी गुंतास कौर संधू
नई दिल्ली, 6 मई (आईएएनएस)। इंडियन गोल्फ यूनियन (आईजीयू) क्वीन सिरिकिट कप में हिस्सा लेने के लिए तीन-सदस्यीय भारतीय टीम भेजेगा। यह इवेंट 12 से 15 मई तक इंडोनेशिया के बोगोर में सेंटुल हाइलैंड्स गोल्फ क्लब में आयोजित होगा।
टीम की अगुवाई 2025 लेडीज ऑर्डर ऑफ मेरिट चैंपियन गुंतास कौर संधू करेंगी, जिन्होंने 2026 में भी लगातार अच्छा प्रदर्शन किया है। टीम की अन्य सदस्य हरियाणा की सीरत कंग और दिल्ली की केया बडुगु हैं। वंदना अग्रवाल बतौर मैनेजर टीम के साथ जाएंगी।
एशियन-पैसिफिक गोल्फ कॉन्फेडरेशन (एपीजीसी) द्वारा द आरएंडए (विश्व गोल्फ नियमों को नियंत्रित करने वाली संस्था) के सहयोग से आयोजित इस टूर्नामेंट में कुल 15 देश हिस्सा लेंगे, जिनमें मौजूदा चैंपियन साउथ कोरिया के साथ ऑस्ट्रेलिया, चीन, चीनी ताइपे, हांगकांग, भारत, इंडोनेशिया, जापान, मलेशिया, म्यांमार, न्यूजीलैंड, फिलीपींस, सिंगापुर, थाईलैंड और वियतनाम शामिल हैं।
2025 लेडीज ऑर्डर ऑफ मेरिट चैंपियन गुंतास के नाम 2025-26 आईजीयू सीजन में 20 शुरुआतों में छह जीत और 17 बार टॉप-10 में जगह बनाने का रिकॉर्ड है। उन्होंने हाल ही में अप्रैल में आईजीयू वेस्ट बंगाल लेडीज और जूनियर गर्ल्स चैंपियनशिप में लेडीज और संयुक्त ए एंड बी कैटेगरी के खिताब जीते थे।
क्वीन सिरिकिट कप को आधिकारिक तौर पर एमेच्योर लेडीज एशियन-पैसिफिक इनविटेशनल गोल्फ टीम चैंपियनशिप के नाम से जाना जाता है, जिसका नाम थाईलैंड की पूर्व रानी के नाम पर रखा गया है। इस चैंपियनशिप का उद्घाटन 1979 में हुआ था। भारत ने इसके उद्घाटन संस्करण से ही टूर्नामेंट में हिस्सा लिया है। साल 2023 में, अवनी प्रशांत ने क्वीन सिरिकिट कप में व्यक्तिगत खिताब जीता, जिससे 43 वर्षों का खिताबी सूखा खत्म हुआ था।
54 होल में खेले जाने वाले इस इवेंट में तीन खिलाड़ियों की टीमें होती हैं, जिसमें हर दिन के दो सबसे अच्छे स्कोर गिने जाते हैं। जीतने वाली टीम को द आर एंड ए गर्ल्स एमेच्योर में सीधे एंट्री मिलती है।
क्वीन सिरिकिट कप कई अंतरराष्ट्रीय स्टार गोल्फरों के करियर की शुरुआत का अहम मंच रहा है। इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता से निकलकर कई खिलाड़ियों ने आगे चलकर पेशेवर गोल्फ में बड़ी पहचान बनाई। इनमें मिंजी ली, हन्ना ग्रीन, सारा केम्प, फियोना जू, अथाया थितिकुल, सियो क्यो-रिम, अन्ना पार्स जैसे नाम शामिल हैं।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   6 May 2026 7:27 PM IST












