गोंदिया-बालाघाट मार्ग पर भीषण हादसा ट्रक-पिकअप की टक्कर में 3 की मौत, 11 गंभीर घायल
गोंदिया, 8 सितंबर (आईएएनएस)। महाराष्ट्र के गोंदिया जिले में भीषण सड़क हादसा हो गया। गोंदिया-बालाघाट मार्ग पर नागरा इलाके में एक तेज रफ्तार ट्रक और पिकअप वाहन की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि पिकअप वाहन के परखच्चे उड़ गए। इस हादसे में पिकअप में सवार 3 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 11 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
बताया जा रहा है कि हादसे का शिकार हुए सभी लोग मध्य प्रदेश के बालाघाट जिले के रहने वाले हैं। ये सभी मजदूर काम के सिलसिले में हैदराबाद जा रहे थे। इसी दौरान सोमवार और मंगलवार की मध्य रात्रि में नागरा परिसर में ये हादसा हो गया।
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों और ग्रामीण पुलिस ने मौके पर पहुंचकर बचाव कार्य शुरू किया। वाहन में फंसे घायलों को बाहर निकालकर तुरंत गोंदिया के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। कुछ घायलों की हालत नाजुक बनी हुई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आगे की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल अभी तक मृतकों की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस ने परिजनों को सूचना दे दी है।
इसके पहले महाराष्ट्र के सतारा में अगस्त महीने में इसी तरह भीषण हादसा हुआ था। मावल तालुका के कामशेत, तालेगांव दाभाड़े और आस-पास के इलाकों के छह युवक एक कार में जा रहे थे। इसी दौरान शिरवल की सीमा में पुणे-बेंगलुरु हाईवे पर तेज रफ्तार कार ने ट्रक को जोरदार टक्कर मार दी थी। इस हादसे में चार युवकों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई थी और दो घायल हो गए थे।
मृतकों की पहचान वेदांत अर्जुन वारिंगे (उम्र 19, निवासी तलेगांव दाभाड़े), सोनलिंग धीरेंद्र ठाकुर (उम्र 19, निवासी कामशेत), आदित्य बालासाहेब गरुड़ (उम्र 19, निवासी तकवे, ताल. मावल) और निखिल बालू राउत (उम्र 20, निवासी कामशेत) के रूप में हुई थी। वहीं, दीक्षित दयानंद पुजारी (उम्र 20, निवासी कामशेत) और मयूर हनुमंत शिंदे (उम्र 20, निवासी बाउर, कामशेत) दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए थे।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   8 Sept 2026 9:54 AM IST












