ग्रेटर नोएडा में आबकारी विभाग का बड़ा एक्शन, 50 लाख की अवैध शराब से भरा ट्रक पकड़ा

ग्रेटर नोएडा में आबकारी विभाग का बड़ा एक्शन, 50 लाख की अवैध शराब से भरा ट्रक पकड़ा
ग्रेटर नोएडा के दादरी क्षेत्र में आबकारी विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध शराब से भरे एक ट्रक को पकड़ा है। यह कार्रवाई लुहारली टोल प्लाजा पर चेकिंग के दौरान की गई, जहां संदिग्ध गतिविधि के चलते ट्रक को रोका गया और तलाशी ली गई।

ग्रेटर नोएडा, 18 मार्च (आईएएनएस)। ग्रेटर नोएडा के दादरी क्षेत्र में आबकारी विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध शराब से भरे एक ट्रक को पकड़ा है। यह कार्रवाई लुहारली टोल प्लाजा पर चेकिंग के दौरान की गई, जहां संदिग्ध गतिविधि के चलते ट्रक को रोका गया और तलाशी ली गई।

जांच के दौरान ट्रक के अंदर भारी मात्रा में शराब बरामद हुई, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 50 लाख रुपये बताई जा रही है। अधिकारियों के अनुसार, यह शराब पंजाब से किसी अन्य राज्य में अवैध रूप से ले जाई जा रही थी। तस्करों ने पुलिस और आबकारी विभाग की नजर से बचने के लिए बेहद शातिर तरीका अपनाया था। ट्रक में शराब की पेटियों को थर्माकोल की आड़ में छिपाकर रखा गया था, ताकि सामान्य जांच में यह सामान नजर न आए। लेकिन टीम की सतर्कता और सघन चेकिंग के चलते इस पूरे मामले का खुलासा हो गया।

बरामद शराब में अंग्रेजी ब्रांड की बोतलों के साथ-साथ बड़ी मात्रा में बियर भी शामिल है। प्रारंभिक जांच में यह आशंका जताई जा रही है कि शराब की यह खेप बिना वैध दस्तावेजों के दूसरे राज्य में सप्लाई के लिए भेजी जा रही थी, जिससे सरकार को भारी राजस्व का नुकसान हो सकता था। हालांकि, कार्रवाई के दौरान ट्रक चालक मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस की टीमें जुट गई हैं। वाहन को कब्जे में लेकर थाना दादरी क्षेत्र में मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की जांच की जा रही है।

पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, जिससे आरोपी चालक और इस तस्करी गिरोह के अन्य सदस्यों तक पहुंचा जा सके। आबकारी विभाग के अधिकारियों ने बताया कि अवैध शराब की तस्करी पर रोक लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इस तरह की कार्रवाइयों से न सिर्फ तस्करों पर नकेल कसी जा रही है, बल्कि अवैध कारोबार को भी बड़ा झटका दिया जा रहा है। अधिकारियों ने कहा कि भविष्य में भी इसी तरह सख्ती जारी रहेगी और किसी भी तरह की अवैध गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   18 March 2026 2:30 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story