ग्रेटर नोएडा में हिट एंड रन का मामला, तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार को मारी टक्कर

ग्रेटर नोएडा में हिट एंड रन का मामला, तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार को मारी टक्कर
ग्रेटर नोएडा में एक बार फिर तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला है। ईकोटेक-3 थाना क्षेत्र में एक तेज रफ्तार कार ने मोटरसाइकिल सवार युवक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद कार चालक मौके पर रुकने के बजाय गाड़ी लेकर फरार हो गया।

ग्रेटर नोएडा, 16 सितंबर (आईएएनएस)। ग्रेटर नोएडा में एक बार फिर तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला है। ईकोटेक-3 थाना क्षेत्र में एक तेज रफ्तार कार ने मोटरसाइकिल सवार युवक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद कार चालक मौके पर रुकने के बजाय गाड़ी लेकर फरार हो गया।

आसपास मौजूद लोगों ने पूरी घटना का वीडियो बना लिया, जो अब सामने आने के बाद चर्चा में है। जानकारी के मुताबिक, बाइक सवार युवक लखनावली स्थित सीआरपीएफ कैंप रोड से सुत्याना गांव की तरफ जा रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार कार ने उसकी मोटरसाइकिल में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई।

लोगों ने घायल युवक की मदद की और घटना की जानकारी पुलिस को दी। पीड़ित पक्ष की ओर से पुलिस को दी गई तहरीर में आरोप लगाया गया है कि कार में चार से पांच अज्ञात लोग सवार थे। आरोप है कि कार चालक ने तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाते हुए बाइक सवार को टक्कर मारी। हादसे के बाद कार चालक और उसके साथ मौजूद लोग मौके से फरार हो गए।

घटना के बाद कार के भागने का वीडियो भी आसपास मौजूद लोगों ने अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिया। घटना की सूचना मिलने के बाद ईकोटेक-3 थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी जुटाई। पुलिस ने पीड़ित पक्ष की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस अब घटना से जुड़े वीडियो और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने में जुटी है, ताकि कार की पहचान की जा सके।

पुलिस के मुताबिक, कार चालक और उसके साथ मौजूद अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है। जांच के दौरान यह भी पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि घटना के समय कार में कौन-कौन लोग मौजूद थे। पुलिस आसपास के लोगों से भी पूछताछ कर रही है। पुलिस का कहना है कि मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ आगे की कार्रवाई की जाएगी।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   16 Sept 2026 6:16 PM IST

Tags

Next Story