शाहनगर न्यूज: शाहनगर अंचल में धान की फसल पर भूरा माहू रोग का प्रकोप, किसान परेशान

शाहनगर अंचल में धान की फसल पर भूरा माहू रोग का प्रकोप, किसान परेशान
समय पर नियंत्रण नहीं किया गया तो किसानों को भारी नुकसान उठाना पड़ सकता है

शाहनगर डिजिटल डेस्क। शाहनगर मुख्यालय सहित बोरी, बिसानी, टिकरिया, देवरी, कचौरी आदि अंचलों के खेतों में इन दिनों धान की फसल में कीटों का प्रकोप बढ़ गया है, जिससे किसान चिंतित हैं।

कृषि विशेषज्ञों के अनुसार मौसम में लगातार हो रहे उतार-चढ़ाव के कारण धान की फसल में बीमारियों की संभावना बनी हुई है। खेतों में सबसे ज्यादा भूरा माहू रोग देखा जा रहा है। यह कीट धान के पौधे के निचले हिस्से में तना और पत्तियों पर समूह में बैठकर रस चूसता है। लगातार रस चूसने से पौधा सूखकर पैरा जैसा हो जाता है और पैच के पैच में फसल खराब हो जाती है।

विशेषज्ञों का कहना है कि खेत में पानी भरा रहने और तेज धूप निकलने के कारण भूरा माहू रोग तेजी से फैलता है। वर्तमान में किसानों के खेतों में भूरा माहू के साथ-साथ तना छेदक और उकटा रोग का भी प्रकोप है। समय पर नियंत्रण नहीं किया गया तो किसानों को भारी नुकसान उठाना पड़ सकता है।

इनका कहना है —

सौरभ गुप्ता, एसएडीओ, कृषि विभाग शाहनगर —

"किसानों को घबराने की जरूरत नहीं है, इस रोग का उपचार संभव है। अगर कहीं ऐसी स्थिति है तो किसान धान का पौधा उखाड़कर कार्यालय ले आएं। संबंधित रोग की पहचान देखकर ही उपचार संबंधी दवाई बताई जाएगी।"


Created On :   16 Sept 2026 7:21 PM IST

Tags

Next Story