जीटी रोड पर फायरिंग करने वाले तीन आरोपी गिरफ्तार, भारी मात्रा में हथियार और कारतूस बरामद
ग्रेटर नोएडा, 17 जून (आईएएनएस)। ग्रेटर नोएडा के बादलपुर थाने की पुलिस ने जीटी रोड पर चलती कार से फायरिंग करने की घटना का सफल खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो पिस्टल, चार तमंचे, बड़ी संख्या में जिंदा और खोखा कारतूस तथा घटना में टोयोटा ग्लैंजा कार बरामद की है। पुलिस फरार दो अन्य आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही है।
पुलिस के अनुसार, 15 जून को सूचना मिली थी कि बुलंदशहर से दादरी की ओर जाने वाले जीटी रोड पर एक टोयोटा ग्लैंजा कार में सवार कुछ व्यक्तियों द्वारा फायरिंग की गई है। सूचना मिलते ही थाना बादलपुर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए मुकदमा दर्ज किया और घटना के अनावरण के लिए विशेष टीमें गठित कीं। लगातार की गई जांच, मैनुअल इंटेलिजेंस और गोपनीय सूचना के आधार पर पुलिस ने बुधवार को अम्बुजा सीमेंट फैक्ट्री के पास कच्चे रास्ते से तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राहुल पुत्र सोरन सिंह निवासी साकीपुर थाना सूरजपुर, नीटू उर्फ कुलदीप पुत्र स्वर्गीय ज्ञानेंद्र निवासी बड़पुरा थाना दादरी तथा मनोज उर्फ गुड्डू पुत्र चाहतराम निवासी बरमदपुर थाना गुलावटी, बुलंदशहर के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि राहुल के कब्जे से एक पिस्टल .32 बोर और एक तमंचा .315 बोर, नीटू उर्फ कुलदीप के पास से एक पिस्टल .32 बोर तथा एक तमंचा .315 बोर, जबकि मनोज उर्फ गुड्डू के पास से दो तमंचे .315 बोर बरामद किए गए।
इसके अलावा, घटना में प्रयुक्त टोयोटा ग्लैंजा कार से 32 जिंदा कारतूस .32 बोर, 19 खोखा कारतूस .32 बोर, 108 खोखा कारतूस .315 बोर और दो तमंचों की नाल भी बरामद हुई है। पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे सभी आपस में मित्र हैं और घटना वाले दिन बुलंदशहर से दादरी की ओर कार से जा रहे थे। इसी दौरान पीछे चल रहे एक वाहन चालक द्वारा लगातार हॉर्न बजाने पर वे गुस्से में आ गए।
चालक को डराने के उद्देश्य से उन्होंने दो राउंड फायरिंग की और मौके से फरार हो गए। आरोपियों ने यह भी स्वीकार किया कि वे असलहों और कारतूसों का इस्तेमाल लोगों में भय पैदा करने के लिए करते थे। पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि घटना में प्रयुक्त कार राहुल ने अपने पड़ोसी के मौसा से दो दिन पहले चलाने के लिए ली थी। मामले में दो अन्य आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें गठित कर दी गई हैं।
थाना बादलपुर में आरोपियों के खिलाफ मुकदमा विभिन्न धाराओं एवं आर्म्स एक्ट की धाराओं में दर्ज किया गया है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी नीटू उर्फ कुलदीप का आपराधिक इतिहास भी रहा है। उसके खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास, रंगदारी, आर्म्स एक्ट और गैंगस्टर एक्ट समेत कई गंभीर धाराओं में पूर्व से मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस के मुताबिक और अपराधियों से जो सामान बरामद हुआ है उसमें 2 पिस्टल .32 बोर, 4 तमंचे .315 बोर, 32 जिंदा कारतूस .32 बोर, 19 खोखा कारतूस .32 बोर, 108 खोखा कारतूस .315 बोर, घटना में इस्तेमाल टोयोटा ग्लैंजा कार और 2 तमंचों की नाल बरामद हुए है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   17 Jun 2026 5:46 PM IST












