झारखंड राज्यसभा चुनाव से पहले एनडीए ने दिखाई एकजुटता, आदित्य साहू बोले- नाथवानी की जीत तय

झारखंड राज्यसभा चुनाव से पहले एनडीए ने दिखाई एकजुटता, आदित्य साहू बोले- नाथवानी की जीत तय
झारखंड में 18 जून को होने वाले राज्यसभा चुनाव से पहले एनडीए ने अपने विधायकों की एकजुटता और मतदान प्रक्रिया को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं। रांची के रेडिसन ब्लू होटल में ठहरे एनडीए विधायकों को बुधवार को मतदान प्रक्रिया की जानकारी दी गई और मॉक पोल के जरिए प्रशिक्षण कराया गया, ताकि मतदान के दौरान किसी प्रकार की तकनीकी त्रुटि की संभावना न रहे।

रांची, 17 जून (आईएएनएस)। झारखंड में 18 जून को होने वाले राज्यसभा चुनाव से पहले एनडीए ने अपने विधायकों की एकजुटता और मतदान प्रक्रिया को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं। रांची के रेडिसन ब्लू होटल में ठहरे एनडीए विधायकों को बुधवार को मतदान प्रक्रिया की जानकारी दी गई और मॉक पोल के जरिए प्रशिक्षण कराया गया, ताकि मतदान के दौरान किसी प्रकार की तकनीकी त्रुटि की संभावना न रहे।

इस दौरान भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू, नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी और एनडीए समर्थित निर्दलीय प्रत्याशी परिमल नाथवानी समेत गठबंधन के विधायक मौजूद रहे। बताया गया कि कई विधायक पहली बार राज्यसभा चुनाव में मतदान करेंगे, इसलिए उन्हें वोटिंग की पूरी प्रक्रिया से अवगत कराया गया।

इस अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने दावा किया कि एनडीए के सभी विधायक एकजुट हैं और परिमल नाथवानी को पूरा समर्थन मिलेगा। उन्होंने कहा कि नाथवानी की जीत सौ फीसदी तय है। उन्होंने यह भी कहा कि कुछ विधायक अंतरात्मा की आवाज के आधार पर मतदान करेंगे।

आदित्य साहू ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा पर होटल पॉलिटिक्स का आरोप लगाने वाली कांग्रेस को यह स्पष्ट करना चाहिए कि रांची के बीएनआर होटल में कौन-कौन विधायक ठहरे हुए हैं और वहां क्या गतिविधियां चल रही हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पहले दावा कर रही थी कि उसके विधायक सीधे अपने-अपने घरों से मतदान के लिए पहुंचेंगे, लेकिन अब वे भी होटल में जुटे हैं।

उन्होंने कांग्रेस द्वारा राज्यसभा चुनाव के लिए नियुक्त पोलिंग एजेंटों को लेकर भी सवाल उठाए। साहू ने कहा कि कांग्रेस ने अपने झारखंड प्रभारी के. राजू और सह प्रभारी सिरी बेला प्रसाद को पोलिंग एजेंट बनाया है। इससे यह सवाल उठता है कि क्या झारखंड कांग्रेस के स्थानीय नेताओं पर पार्टी को भरोसा नहीं है।

बता दें कि राज्यसभा की दो सीटों के लिए हो रहे चुनाव में तीन उम्मीदवार मैदान में हैं। आईएनडीआईए गठबंधन की ओर से झामुमो के बैजनाथ राम और कांग्रेस के प्रणव झा उम्मीदवार हैं, जबकि एनडीए समर्थित निर्दलीय प्रत्याशी परिमल नाथवानी तीसरे उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ रहे हैं। इसी वजह से इस बार का मुकाबला राजनीतिक रूप से काफी दिलचस्प माना जा रहा है।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   17 Jun 2026 6:28 PM IST

Tags

Next Story