महत्वपूर्ण पहल: दीक्षाभूमि में योग सत्र का आयोजन, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की अपील - कई संगठनों ने किया हिस्सा

दीक्षाभूमि में योग सत्र का आयोजन, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की अपील - कई संगठनों ने किया हिस्सा
  • दीक्षाभूमि में योग सत्र का आयोजन
  • डॉ. सविता शर्मा के मार्गदर्शन में जुटे संगठन

Nagpur News. आगामी 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2026 के मद्देनजर क्षेत्रीय आयुर्वेद अनुसंधान संस्थान (आरएआरआई) ने ऐतिहासिक एवं प्रेरणादायी स्थल दीक्षाभूमि में योग सत्र का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम संस्थान की प्रभारी सहायक निदेशक डॉ. सविता शर्मा के मार्गदर्शन एवं नेतृत्व में संपन्न हुआ। दीक्षाभूमि नागपुर का एक विश्वविख्यात ऐतिहासिक एवं सामाजिक महत्व का स्मारक है। यह एक पावन स्थल है, जहां 14 अक्टूबर 1956 को भारत रत्न डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर ने अपने लाखों अनुयायियों के साथ बौद्ध धर्म की दीक्षा ग्रहण की थी। यह स्थल सामाजिक समता, मानवता, शांति, बंधुत्व एवं आत्म-विकास का प्रतीक माना जाता है। ऐसे ऐतिहासिक एवं प्रेरणादायी स्थल पर योग सत्र का आयोजन, योग के सार्वभौमिक संदेश को जनसामान्य तक पहुंचाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल सिद्ध हुआ।

कार्यक्रम का उद्देश्य जनसामान्य में योग के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना था। योग सत्र का शुभारंभ योग के महत्व पर संक्षिप्त उद्बोधन के साथ हुआ। इसके पश्चात प्रतिभागियों को सूक्ष्म व्यायाम, विभिन्न योगासन, प्राणायाम तथा ध्यान का अभ्यास कराया गया।

अपने संबोधन में डॉ. सविता शर्मा ने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि शरीर, मन और आत्मा के मध्य संतुलन स्थापित करने वाली एक समग्र जीवन-पद्धति है। उन्होंने दीक्षाभूमि के प्रेरणादायी महत्व पर प्रकाश डालते हुए इसे व्यक्तित्व-विकास, सामाजिक जागरूकता एवं मानवतावादी मूल्यों के संवर्धन का महत्वपूर्ण केंद्र बताया।

दीक्षाभूमि जैसे ऐतिहासिक एवं प्रेरणादायी स्थल पर आयोजित इस योग सत्र में प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया तथा योग के माध्यम से स्वस्थ एवं संतुलित जीवन अपनाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम ने स्वास्थ्य, शांति, अनुशासन एवं सामाजिक समरसता का संदेश प्रसारित किया। कार्यक्रम का समापन सामूहिक ध्यान एवं शांति मंत्र के साथ हुआ। इस कार्यक्रम में शासकीय आयुर्वेद महाविद्यालय, डॉ. सुमिता जैन तथा उनकी टीम ने सहर्ष सहभागिता की।

इस अवसर पर बताया गया कि अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2026 के अंतर्गत “योग संगम” कार्यक्रम का आयोजन दिनांक 21 जून 2026 को प्रातः 6:30 बजे महावीर मैदान, आजमशाह लेआउट, नंदनवन, नागपुर में किया जाएगा। इस कार्यक्रम में विभिन्न आयुर्वेद महाविद्यालयों तथा आयुर्वेद एवं योग क्षेत्र में कार्यरत संगठनों, जैसे निमा, आयुर्वेद व्यासपीठ, आरोग्य भारती एवं अन्य संस्थाओं की सहभागिता रहेगी।

आयोजकों ने नागपुर के नागरिकों से इस सामूहिक योग कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में सहभागी होकर योग के माध्यम से स्वस्थ एवं समृद्ध भारत के निर्माण में योगदान देने की अपील की है।

Created On :   17 Jun 2026 6:38 PM IST

Tags

Next Story