गुजरात अहमदाबाद ने पौधारोपण का बनाया गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड

गुजरात अहमदाबाद ने पौधारोपण का बनाया गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड
अहमदाबाद नगर निगम (एएमसी) ने पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में एक नया इतिहास रचते हुए गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है। भाड़ज क्षेत्र में मियावाकी पद्धति के तहत मात्र एक घंटे में 3.61 लाख पौधे लगाकर विश्व रिकॉर्ड स्थापित किया गया।

अहमदाबाद, 12 जुलाई (आईएएनएस)। अहमदाबाद नगर निगम (एएमसी) ने पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में एक नया इतिहास रचते हुए गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है। भाड़ज क्षेत्र में मियावाकी पद्धति के तहत मात्र एक घंटे में 3.61 लाख पौधे लगाकर विश्व रिकॉर्ड स्थापित किया गया।

यह अभियान केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री तथा गांधीनगर के लोकसभा सांसद अमित शाह के गांधीनगर संसदीय क्षेत्र को 'हरित लोकसभा क्षेत्र' बनाने के संकल्प को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। इस अभियान के तहत गांधीनगर लोकसभा क्षेत्र में 1.25 करोड़ तथा अहमदाबाद नगर निगम क्षेत्र में 50 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य रखा गया है।

भाड़ज में लगभग 91,006 वर्गमीटर क्षेत्र में आयोजित इस महाअभियान के दौरान 76,000 वर्गमीटर भूमि पर मियावाकी तकनीक से 35 से अधिक स्वदेशी प्रजातियों के 3.61 लाख पौधे लगाए गए। इस ऐतिहासिक अभियान में 25,000 से अधिक स्वयंसेवकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर विश्व रिकॉर्ड बनाने में योगदान दिया।

मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री, शहरी विकास एवं आवास मंत्री, महापौर, मुख्य सचिव, नगर आयुक्त सहित कई जनप्रतिनिधि, अधिकारी और गणमान्य व्यक्ति इस अवसर पर मौजूद रहे।

इस अभियान को सफल बनाने में अहमदाबाद नगर निगम के विभिन्न विभागों, स्कूल बोर्ड, बाप संस्था (बोचासनवासी अक्षर पुरुषोत्तम स्वामीनारायण संस्था), क्रेडाई, पुलिस विभाग, एनसीसी कैडेट्स, स्वयंसेवी संस्थाओं, शैक्षणिक संस्थानों, सामाजिक संगठनों और हजारों नागरिकों ने सक्रिय भागीदारी निभाई।

अभियान में लगाए गए सभी पौधे स्थानीय और पर्यावरण के अनुकूल प्रजातियों के हैं। ये पौधे भविष्य में जैव विविधता को बढ़ावा देने, वायु प्रदूषण कम करने, कार्बन अवशोषण बढ़ाने, तापमान नियंत्रित रखने और शहर के हरित क्षेत्र का विस्तार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

अहमदाबाद नगर निगम ने कहा कि यह उपलब्धि केवल एक विश्व रिकॉर्ड नहीं, बल्कि पर्यावरण संरक्षण, जनभागीदारी और सतत शहरी विकास के प्रति शहर की प्रतिबद्धता का प्रतीक है। इस ऐतिहासिक पहल के साथ अहमदाबाद ने वैश्विक स्तर पर हरित विकास की दिशा में अपनी एक नई पहचान स्थापित की है।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   12 July 2026 9:11 PM IST

Tags

Next Story