गुजरात चना और सरसों की एमएसपी पर खरीद शुरू, हजारों किसानों ने कराया पंजीकरण

गुजरात चना और सरसों की एमएसपी पर खरीद शुरू, हजारों किसानों ने कराया पंजीकरण
गुजरात की अनाज मंडियों में इन दिनों रौनक छाई हुई है। बड़ी संख्या में चना और सरसों उत्पादक किसान न्यूनतम समर्थन मूल्य पर अपनी उपज बेचने के लिए मंडियों में पहुंच रहे हैं।

जामनगर, 27 मार्च (आईएएनएस)। गुजरात की अनाज मंडियों में इन दिनों रौनक छाई हुई है। बड़ी संख्या में चना और सरसों उत्पादक किसान न्यूनतम समर्थन मूल्य पर अपनी उपज बेचने के लिए मंडियों में पहुंच रहे हैं।

इस बार गुजरात सरकार ने किसानों को फाइनेंशियल सिक्योरिटी कवच उपलब्ध कराने के मकसद से चना और सरसों की एमएसपी पर खरीद के लिए पारदर्शी व्यवस्था लागू की है। इसके तहत, पूरे राज्य में चना की खरीद के लिए 165 और सरसों की खरीद के लिए 60 केंद्र बनाए गए हैं। जामनगर के एपीएमसी हापा यार्ड में भी किसान अपनी उपज बेचने के लिए पहुंच रहे हैं।

जामनगर के किसान चंद्रेश भाई डोबरिया ने कहा कि मैं नानी मठ्ठी गांव से आया हूं। मैंने चने की बुवाई की थी। आज मैं उन्हें सरकारी टेका भाव पर बेचने के लिए यहां आया हूं। पहले बाजार में चने का भाव कम था। इस बार सरकारी खरीद केंद्रों पर उम्मीद के मुताबिक ज्यादा दाम मिल रहे हैं।

जामनगर के थरवाडा गांव से आए किसान विमल काडिया ने कहा कि सरकारी दरों पर चने की खरीदी शुरू हुई है, जिसमें सरकार ने उचित भाव तय किया है। हमें अन्य मंडी में कम दाम मिल रहे थे, इसलिए हम यहां सरकारी समर्थन मूल्य पर अपनी उपज बेचने आए हैं। यहां पेमेंट की सुविधा बहुत अच्छी और तेज है, इसलिए हम सभी किसान भाई यहां अपनी फसल बेचने के लिए आए हैं।

जिला कृषि अधिकारी आरएस गोहेल ने कहा कि सरकार ने चने और रायड़ा की फसलों के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य पर खरीदी शुरू करने का निर्णय लिया है। इसके तहत चना के 1,175 रुपए प्रति 20 किलो और रायड़ा के 1,210 रुपए प्रति 20 किलो भाव तय किए गए हैं। इसमें जामनगर जिले में चने की फसल के लिए लगभग 34,800 किसानों ने पंजीकरण कराया है और रायड़ा की फसल के लिए 2,760 किसानों ने रजिस्ट्रेशन कराया है।

मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल के मार्गदर्शन में गुजरात सरकार ने चना और सरसों की एमएसपी पर खरीद के दौरान किसी गड़बड़ी को रोकने के लिए पहली बार ‘आधार इनेबल्ड बायोमेट्रिक’ और ‘फेस ऑथेंटिकेशन’ प्रोसेस लागू किया है। जाहिर है कि इससे बिचौलिए खत्म होंगे और असली किसानों को ही एमएसपी का लाभ होगा।

हापा के एपीएमसी अध्यक्ष मुकंद सभाया ने कहा कि किसानों में काफी खुशी है, क्योंकि उन्हें चना का उचित भाव मिल रहा है। यह पिछले भावों की तुलना में ज्यादा है। रायड़ा में भी उचित दाम मिल रहे हैं। जब भी जरूरत पड़ी है, राज्य सरकार किसानों के साथ खड़ी रही है।

इसके अलावा, राज्य सरकार ने खरीद केंद्रों पर भीड़ को रोकने और किसानों की सहूलियत के लिए उन्हें पहले से तय समय पर एसएमएस के जरिए बुलाने का भी इंतजाम किया है। वहीं, बजुर्ग और बीमार किसानों की मदद के लिए मंडी में उन्हें अपना नॉमिनी भेजने की अनुमति भी दी गई है। इतना ही नहीं, राज्य सरकार ने किसानों के आर्थिक सशक्तीकरण के लिए चना और सरसों की उनकी पूरी उपज को एमएसपी पर खरीदने का आश्वासन भी दिया है।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   27 March 2026 8:42 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story