हामिद अंसारी के बयान पर भड़के एनडीए नेता, बोले- प्रदर्शन के नाम पर अराजकता बर्दाश्त नहीं

हामिद अंसारी के बयान पर भड़के एनडीए नेता, बोले- प्रदर्शन के नाम पर अराजकता बर्दाश्त नहीं
देशभर में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को हटाने और कथित तौर पर रिजीम चेंज के इरादे से हो रहे विरोध-प्रदर्शनों पर पूर्व उपराष्ट्रपति हामिद अंसारी के बयान ने सियासी बहस छेड़ दी है। हामिद अंसारी ने कहा था कि अपना देश ऐसे ही चलता रहा है और प्रदर्शन करने वाले भी हमारे अपने ही लोग हैं। उनके इस बयान पर राजनीतिक दलों की तीखी प्रतिक्रियाएं सामने आई हैं।

पटना, 22 अक्टूबर (आईएएनएस)। देशभर में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को हटाने और कथित तौर पर रिजीम चेंज के इरादे से हो रहे विरोध-प्रदर्शनों पर पूर्व उपराष्ट्रपति हामिद अंसारी के बयान ने सियासी बहस छेड़ दी है। हामिद अंसारी ने कहा था कि अपना देश ऐसे ही चलता रहा है और प्रदर्शन करने वाले भी हमारे अपने ही लोग हैं। उनके इस बयान पर राजनीतिक दलों की तीखी प्रतिक्रियाएं सामने आई हैं।

बिहार भाजपा अध्यक्ष संजय सरावगी ने पूर्व उपराष्ट्रपति के बयान पर कड़ी आपत्ति जताई। उन्होंने कहा कि हामिद अंसारी का यह कहना कि चीजें इसी तरह चलती हैं, उनके पुराने विभाजनकारी और निराशावादी बयानों की ही अगली कड़ी है।

सरावगी ने कहा, "देश के दूसरे सर्वोच्च संवैधानिक पद पर दशकों तक सत्ता का सुख भोगने वाले व्यक्ति द्वारा भारत की लोकतांत्रिक व्यवस्था और सामाजिक सद्भाव पर तंज कसना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। आज का भारत किसी तुष्टिकरण की लचर व्यवस्था से नहीं चल रहा, बल्कि कानून के इकबाल, बाबा साहब अंबेडकर के संविधान और राष्ट्र प्रथम की भावना से चल रहा है। संवैधानिक पदों से सेवानिवृत्त होने के बाद देश की व्यवस्था को नीचा दिखाने का यह दौर अब बंद होना चाहिए।"

वहीं, जदयू के राष्ट्रीय महासचिव श्याम रजक ने हामिद अंसारी के बयान पर कहा, "उन्होंने ठीक ही कहा है, जो चल रहा है, उसे चलने दो। देश विकास कर रहा है, लोगों को रोजगार मिल रहा है और देश में निवेश हो रहा है। 2047 तक भारत विश्वगुरु बनने वाला है।"

भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता गुरु प्रकाश पासवान ने भी इस मामले पर अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने हामिद अंसारी के बयान पर पलटवार करते हुए कहा कि प्रदर्शन के नाम पर अराजकता को बर्दाश्त नहीं किया जा सकता।

पासवान ने कहा, "पूर्व उपराष्ट्रपति ने कहा कि हमारे देश में चीजें इसी तरह चलती हैं और प्रदर्शन करने वाले हमारे अपने ही लोग हैं। ये हमारी जनता है, किसी और की नहीं। लेकिन कौन कह रहा है कि यह किसी और की जनता है? सवाल यह है कि जब आप बॉन्ड पर हस्ताक्षर करके उसकी मर्यादा का उल्लंघन करेंगे और कानून तोड़ेंगे, तो क्या कार्रवाई नहीं होगी?"

उन्होंने आगे कहा, "यह नहीं हो सकता कि हमारी मांगें पूरी हों, चाहे जो मजबूरी हो। हर चीज का एक तरीका होता है। कानून और संविधान की अपनी मर्यादा और अपना दायरा है, और सभी को उसी के अंतर्गत काम करना होता है।"

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   22 Oct 2026 2:55 PM IST

Tags

Next Story