'उड़ता तीर' से पहले भी जुड़ा है आयुष्मान खुराना और गुनीत मोंगा का कनेक्शन, अभिनेता ने किया खुलासा
मुंबई, 22 अक्टूबर (आईएएनएस)। बॉलीवुड अभिनेता आयुष्मान खुराना इन दिनों अपनी अपकमिंग फिल्म 'उड़ता तीर' को लेकर चर्चा में हैं। फिल्म की रिलीज से पहले अभिनेता ने खुलासा किया है कि ऑस्कर जीत चुकीं प्रोड्यूसर गुनीत मोंगा ने उनका सबसे पहला ऑडिशन लिया था। अब लंबे समय बाद हम दोनों को साथ काम करने का मौका मिला है।
आयुष्मान ने कहा, ''जब बात कंटेंट की आती है, तो इसको लेकर गुनीत और मेरी सोच काफी मिलती है। मुझे हमेशा से ऐसी फिल्मों ने आकर्षित किया है, जो लीक से हटकर और अलग कहानियां पेश करती हैं। गुनीत ने भी अपनी फिल्मों के जरिए अलग कहानियों को बढ़ावा दिया है। उन्होंने भारतीय कहानियों को ग्लोबल प्लेटफॉर्म तक पहुंचाया है और ऑस्कर में भारत का प्रतिनिधित्व किया है।''
अभिनेता ने आगे कहा, ''टीम का तालमेल इस फिल्म को खास बनाता है। 'उड़ता तीर' के जरिए हम देशभक्ति, एक्शन और कॉमेडी को मिलाकर एक ऐसी एंटरटेनर फिल्म लेकर आ रहे हैं, जो इस जॉनर में कुछ अलग पेश करेगी।''
गुनीत मोंगा के साथ अपने पुराने रिश्ते को याद करते हुए आयुष्मान ने बताया कि दोनों का साथ काफी पुराना है।
उन्होंने कहा, ''गुनीत ने ही मेरा पहला ऑडिशन लिया था, इसलिए हमारा रिश्ता काफी पुराना है। उसके बाद से हम लगातार संपर्क में रहे हैं और एक-दूसरे के सफर को देखते आए हैं। अब आखिरकार हमें साथ काम करने का मौका मिला है।''
बता दें कि आयुष्मान खुराना स्टारर 'उड़ता तीर' एक हिंदी स्पाई-कॉमेडी फिल्म है, जिसका निर्देशन और लेखन आकाश कौशिक ने किया है। यह बतौर निर्देशक उनकी पहली फिल्म है।
फिल्म में आयुष्मान खुराना और सारा अली खान मुख्य भूमिकाओं में हैं। इनके अलावा राहुल बोस, राम कपूर, गुलशन ग्रोवर, मुकुल देव, सुहैल नैयर, सुप्रिया पिलगांवकर, बृजेंद्र काला और संदीप आनंद भी अहम किरदारों में नजर आएंगे।
साल 2025 में मुकुल देव के निधन के बाद यह उनकी दूसरी मरणोपरांत रिलीज होने वाली फिल्म है।
यह फिल्म 23 अक्टूबर को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   22 Oct 2026 2:55 PM IST












