हरियाणा को ड्रग्स मुक्त बनाने के लिए बड़ा अभियान, सीएम सैनी ने 600 एसएचओ के साथ की समीक्षा बैठक
करनाल, 18 जुलाई (आईएएनएस)। हरियाणा को नशा मुक्त बनाने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने शनिवार को करनाल स्थित हरियाणा पुलिस अकादमी, मधुबन में राज्यभर के करीब 600 थाना प्रभारियों (एसएचओ) के साथ एक विशेष कार्यशाला और समीक्षा बैठक की।
इस बैठक में हरियाणा के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) सहित पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने पुलिस अधिकारियों को नशे के कारोबार पर सख्त कार्रवाई करने और युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए सामाजिक स्तर पर भी सक्रिय भूमिका निभाने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि 'हरियाणा उदय' अभियान के तहत आयोजित इस कार्यशाला का उद्देश्य केवल अपराधियों पर कार्रवाई करना नहीं, बल्कि युवाओं को नशे की गिरफ्त में जाने से रोकना भी है। उन्होंने सभी थाना प्रभारियों से कहा कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में ऐसे लोगों की पहचान करें, जो नशीले पदार्थों की तस्करी या बिक्री में शामिल हैं और उनके खिलाफ कानून के अनुसार कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करें।
सीएम सैनी ने कहा कि पुलिस अधिकारियों को स्कूलों, कॉलेजों और विश्वविद्यालयों में नियमित रूप से जाकर विद्यार्थियों से संवाद करना चाहिए। इससे युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के बारे में जागरूक किया जा सकेगा और यदि कोई छात्र इस समस्या से जूझ रहा है तो उसे समय रहते नशा मुक्ति कार्यक्रमों से जोड़ा जा सकेगा। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार प्रदेश में नशा मुक्ति केंद्रों की संख्या बढ़ाने और उनकी सुविधाओं को मजबूत करने के लिए भी तेजी से काम कर रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार पहले भी सिरसा, ऐलनाबाद, डबवाली और अन्य सीमावर्ती क्षेत्रों में मैराथन, साइक्लोथॉन और जनजागरूकता अभियान चला चुकी है, ताकि युवाओं को खेलों और सकारात्मक गतिविधियों की ओर प्रेरित किया जा सके।
उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी के उस आह्वान का भी उल्लेख किया, जिसमें भारत को खेलों का वैश्विक केंद्र बनाने और युवाओं को ओलंपिक जैसे अंतरराष्ट्रीय मंचों पर बेहतर प्रदर्शन के लिए तैयार करने की बात कही गई थी। मुख्यमंत्री ने कहा कि अधिक से अधिक युवाओं को खेलों से जोड़ना समय की आवश्यकता है।
गैंगस्टरों के खिलाफ चल रही कार्रवाई पर मुख्यमंत्री ने हरियाणा पुलिस की सराहना करते हुए कहा कि विदेशों में छिपे अपराधियों को भारत लाकर जेल भेजने में पुलिस ने उल्लेखनीय सफलता हासिल की है। उन्होंने कहा कि पुलिस को युवाओं के साथ मित्रवत व्यवहार अपनाना चाहिए, ताकि वे अपराध और नशे जैसी बुराइयों से दूर रहें।
मुख्यमंत्री ने अभिभावकों से भी अपील की कि वे अपने बच्चों की गतिविधियों और मित्र मंडली पर नियमित नजर रखें। उन्होंने कहा कि परिवार, समाज और पुलिस के संयुक्त प्रयासों से ही हरियाणा को नशा मुक्त और सुरक्षित राज्य बनाया जा सकता है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   18 July 2026 7:57 PM IST












