हेल्थ इंश्योरेंस के नाम पर ऑनलाइन ठगी करने वाले तीन फर्जी कॉल सेंटरों का भंडाफोड़, 12 गिरफ्तार
मुंबई, 14 जुलाई (आईएएनएस)। मुंबई पुलिस ने हेल्थ इंश्योरेंस पॉलिसी के नाम पर ऑनलाइन साइबर ठगी करने वाले तीन फर्जी कॉल सेंटर का भंडाफोड़ करते हुए 12 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (पूर्वी क्षेत्र) धनंजय कुलकर्णी और पुलिस उपायुक्त समीर शेख के मार्गदर्शन में गोवंडी पुलिस ने की है।
पुलिस के अनुसार, एक शिकायतकर्ता ने 22 जून 2026 को शिकायत दर्ज कराई थी कि खुद को एचडीएफसी एर्गो हेल्थ पॉलिसी कार्यालय का कर्मचारी बताने वाले ठगों ने उन्हें 'नो क्लेम बोनस' और 1,53,825 रुपये का लाभ दिलाने का झांसा दिया। इस बहाने आरोपियों ने उनके क्रेडिट कार्ड की जानकारी हासिल कर विभिन्न कारण बताकर उनके कार्ड से 3,43,700 रुपये की ऑनलाइन ठगी कर ली। इस शिकायत के आधार पर गोवंडी पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया गया।
गोवंडी पुलिस की साइबर टीम ने तकनीकी विश्लेषण के आधार पर कुर्ला पश्चिम स्थित कोहिनूर सिटी मॉल के एक परिसर में फर्जी कॉल सेंटर संचालित होने का पता लगाया। वहां छापेमारी कर पुलिस ने छह आरोपियों को गिरफ्तार किया और कॉल सेंटर में इस्तेमाल होने वाले कंप्यूटर, लैपटॉप, राउटर, मोबाइल फोन, विभिन्न कंपनियों के सिम कार्ड तथा ग्राहकों से क्रेडिट कार्ड की जानकारी हासिल करने के लिए तैयार की गई स्क्रिप्ट बरामद की। जांच में यह भी सामने आया कि ठगी के जरिए प्राप्त क्रेडिट कार्ड की जानकारी का इस्तेमाल कर आरोपी ऑनलाइन सोने के सिक्के और अन्य सामान खरीदते थे।
पुलिस रिमांड के दौरान पूछताछ में आरोपियों ने हेल्थ इंश्योरेंस ग्राहकों का डेटा और सिम कार्ड उपलब्ध कराने वाले तीन अन्य आरोपियों की जानकारी दी। उनकी निशानदेही पर असल्फा विलेज स्थित साईं लीलावती निवास और कोहिनूर मॉल के एक अन्य परिसर में चल रहे दो और फर्जी कॉल सेंटरों पर छापा मारा गया। इन दोनों स्थानों से भी कॉल सेंटर का पूरा सेटअप जब्त कर आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने कुल 12 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से 29 कंप्यूटर, 5 लैपटॉप, 15 मोबाइल फोन, 3 राउटर, 15 सिम कार्ड, ठगी के लिए इस्तेमाल की जाने वाली स्क्रिप्ट तथा 28.05 ग्राम सोना बरामद किया गया है। जब्त सामान की कुल कीमत 17,18,200 रुपये आंकी गई है। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी अन्य राज्यों के हेल्थ इंश्योरेंस ग्राहकों को भी इसी तरह निशाना बनाकर ठगी कर चुके हैं। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है और इस गिरोह से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
मुंबई पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि यदि कोई अज्ञात व्यक्ति खुद को किसी हेल्थ इंश्योरेंस कंपनी का कर्मचारी बताकर पॉलिसी बंद कराने, रिफंड दिलाने या बोनस दिलाने का लालच देकर बैंक खाते, कार्ड की जानकारी या ओटीपी मांगे, तो ऐसी कोई भी गोपनीय जानकारी साझा न करें। यदि साइबर ठगी की आशंका हो तो तुरंत 1930 हेल्पलाइन पर कॉल करें और निकटतम पुलिस स्टेशन से संपर्क करें।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   14 July 2026 3:58 PM IST












