राष्ट्रीय: चंबा भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने भारी बारिश से नुकसान का लिया जायजा, राहत कार्यों पर की चर्चा

चंबा, 11 सितंबर (आईएएनएस)। हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में हाल ही में हुई भारी बारिश ने काफी तबाही मचाई है। जिले के लगभग सभी क्षेत्रों में आपदा का भयानक मंजर देखने को मिला है। इस मुश्किल समय में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल चंबा मुख्यालय पहुंचे।
चंबा पहुंचने के बाद डॉ. बिंदल ने पत्रकारों से बातचीत की और आपदा से प्रभावित हालातों पर विस्तार से चर्चा की।
उन्होंने बताया कि इस त्रासदी के दौरान भाजपा के कार्यकर्ताओं ने राहत और बचाव कार्यों में अहम भूमिका निभाई। कार्यकर्ताओं ने प्रभावित परिवारों तक राहत सामग्री पहुंचाई, फंसे लोगों को सुरक्षित जगहों पर ले गए और प्रशासन को हरसंभव सहयोग दिया।
उन्होंने कहा, "भाजपा संगठन हर मुश्किल समय में जनता के साथ खड़ा है। हम प्रभावित परिवारों की मदद के लिए लगातार काम कर रहे हैं।"
उन्होंने यह भी बताया कि पार्टी आपदा प्रभावित इलाकों में राहत शिविर लगाने और जरूरी सामानों की आपूर्ति सुनिश्चित करने में जुट गई है। कार्यकर्ता स्थानीय लोगों के साथ मिलकर प्रभावित क्षेत्रों का सर्वे भी कर रहे हैं ताकि हर जरूरतमंद तक मदद पहुंचे।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने सरकार से प्रभावित परिवारों के लिए मुआवजा और पुनर्वास की मांग की। उन्होंने कहा कि पार्टी इस मुद्दे को उठाने के लिए हर स्तर पर प्रयास करेगी। किसी को भी घबराने की जरूरत नहीं है। हम उनके साथ हर परिस्थिति में खड़े हैं। हम यह सुनिश्चित कर रहे हैं कि प्रदेश में किसी भी व्यक्ति को कोई दिक्कत नहीं हो। इस आपदा के समय में हम सभी को एकजुट होना पड़ेगा, तभी जाकर स्थिति का सामना कर सकेंगे।
जानकारी के मुताबिक, भारी बारिश ने चंबा में सड़कों को तोड़ा, घरों को नुकसान पहुंचाया और कई गांवों को अलग-थलग कर दिया है। स्थानीय लोगों ने बताया कि बाढ़ और भूस्खलन से हालात और खराब हो गए हैं।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   11 Sept 2025 1:32 PM IST