गुजरात पुलिस ने दो जगह मारा छापा, 1.72 करोड़ रुपए का ईंधन, रसायन और वाहन जब्त, सात गिरफ्तार
आनंद, 15 अक्टूबर (आईएएनएस)। गुजरात पुलिस के स्टेट मॉनिटरिंग सेल (एसएमसी) ने आनंद जिले में दो अलग-अलग छापों के दौरान कुल 1.72 करोड़ रुपए मूल्य का ईंधन, रसायन और वाहन जब्त किए हैं। पेट्रोलियम उत्पादों और रसायनों की चोरी के मामले में सात लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
इस संबंध में अधिकारियों ने गुरुवार को जानकारी दी।
बोरियावी में आनंद-नडियाद हाईवे (नेशनल हाईवे-48) पर स्थित राजपुरोहित होटल के परिसर में मारे गए पहले छापे में पुलिस ने 20.08 लाख रुपए मूल्य का 10,290 लीटर डीजल और पेट्रोल, 23 लाख रुपए कीमत के दो वाहन और 15,500 रुपए मूल्य के चार मोबाइल जब्त किए।
जब्त की गई संपत्ति का कुल मूल्य 43.25 लाख रुपए था। स्टेट मॉनिटरिंग सेल के पुलिस इंस्पेक्टर एमके मालवीय के नेतृत्व वाली एक टीम ने यह छापेमारी की। बयान के अनुसार, चार लोगों को गिरफ्तार किया गया और 14 अक्टूबर को आनंद ग्रामीण पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया गया।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान अहमदाबाद जिले के ढोलका का रहने वाला नरवरभाई उर्फ नटूभाई लकुम; राजस्थान के बाड़मेर जिले का रहने वाला स्वरूप सिंह राजपुरोहित व धन सिंह राजपुरोहित और आनंद जिले के बोरियावी का रहने वाला लक्ष्मणभाई भरवाड़ के रूप में हुई है।
एक अलग कार्रवाई में, स्टेट मॉनिटरिंग सेल ने पेटलाद तालुका के वसद-तारापुर हाईवे पर स्थित दंतेली गांव में एक जगह से 65,312 किलोग्राम रसायन जब्त किए, जिनकी कीमत 71.84 लाख रुपए है।
जब्त की गई चीजों में 700 रुपए कीमत के छह प्लास्टिक बैरल, 57 लाख रुपए कीमत के तीन वाहन और 20,000 रुपए कीमत के चार मोबाइल फोन भी शामिल थे। जब्त की गई कुल संपत्ति की कीमत 1.29 करोड़ रुपए थी। यह छापेमारी पुलिस इंस्पेक्टर एजे चौहान ने की थी। 14 अक्टूबर को पेटलाद ग्रामीण पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया गया।
दूसरे मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया। इनकी पहचान वडोदरा के कलाली में रह रहे धर्मेंद्र सिंह उर्फ मुन्ना राजपूत और राजन सिंह राजपूत के रूप में हुई है। दोनों मूल रूप से उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर जिले के रहने वाले हैं। वहीं तीसरे आरोपी की पहचान उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले के रामविकास यादव के रूप में हुई है।
उत्तर प्रदेश के ही रहने वाले और वडोदरा में रह रहे एक 15 वर्षीय लड़के को नोटिस जारी किया गया है। पुलिस ने दो अन्य आरोपियों - प्रतापगढ़ जिले के विवेक वनवासी और विजय नाम के एक व्यक्ति की पहचान की है, जो वांछित हैं। दोनों मामलों में आगे की जांच चल रही है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   15 Oct 2026 4:37 PM IST












