चीन में ताइवानी नागरिकों के लापता, गिरफ्तारी और पाबंदियों के मामले बढ़े, 2024 से अब तक 313 केस र‍िपोर्ट

चीन में ताइवानी नागरिकों के लापता, गिरफ्तारी और पाबंदियों के मामले बढ़े, 2024 से अब तक 313 केस  र‍िपोर्ट
ताइवान की मेनलाइन अफेयर्स काउंसिल (एमएसी) के आंकड़ों के अनुसार, जनवरी 2024 से अब तक चीन में ताइवान के लोगों के लापता होने, गिरफ्तार किए जाने या उनकी व्यक्तिगत स्वतंत्रता सीमित किए जाने की 313 घटनाएं सामने आई हैं।

ताइपे, 26 मार्च (आईएएनएस)। ताइवान की मेनलाइन अफेयर्स काउंसिल (एमएसी) के आंकड़ों के अनुसार, जनवरी 2024 से अब तक चीन में ताइवान के लोगों के लापता होने, गिरफ्तार किए जाने या उनकी व्यक्तिगत स्वतंत्रता सीमित किए जाने की 313 घटनाएं सामने आई हैं।

ताइवान के प्रमुख दैनिक 'ताइपे टाइम्स' की रिपोर्ट के अनुसार, मेनलाइन अफेयर्स काउंसिल ने बताया क‍ि एक जनवरी 2024 से फरवरी के अंत तक दर्ज 313 मामलों में से 114 लोग लापता हुए, 25 को गिरफ्तार या पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया और 174 लोगों की व्यक्तिगत स्वतंत्रता सीमित की गई।

सूत्रों के अनुसार, वास्तविक संख्या तीन गुना तक हो सकती है, क्योंकि कई मामलों की सूचना अधिकारियों को नहीं दी जाती।

एक अधिकारी ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि पिछले महीने चीन में 17 ताइवानी लोगों के लापता होने या गिरफ्तार होने की रिपोर्ट मिली थी, जिनमें से आधे लोगों का अब भी कोई पता नहीं चल पाया है। ऐसे मामलों की संख्या हर महीने बढ़ती जा रही है।

मेनलाइन अफेयर्स काउंसिल के आंकड़ों के अनुसार, 2025 में 221 मामले सामने आए, जो 2024 में दर्ज 55 मामलों की तुलना में चार गुना वृद्धि दर्शाते हैं।

'ताइपे टाइम्स' की रिपोर्ट के अनुसार, जून 2024 में चीन ने 22 बिंदुओं वाले दिशा-निर्देश जारी किए, जिनका उपयोग “कट्टर” ताइवानी स्वतंत्रता समर्थकों को दंडित करने के लिए किया जाता है। इससे चीनी कम्युनिस्ट पार्टी (सीसीपी) को ताइवान के लोगों को आसानी से गिरफ्तार या पूछताछ करने का अधिकार मिल गया। इसके बाद से ताइवान के लोगों के लिए हांगकांग, चीन या मकाऊ की यात्रा करना अधिक जोखिमपूर्ण हो गया है।

ताइवान की सेंट्रल न्यूज एजेंसी (सीएनए) की रिपोर्ट के अनुसार, अक्टूबर 2025 में मेनलाइन अफेयर्स काउंसिल ने बताया कि एक जनवरी 2024 से 30 सितंबर 2025 के बीच चीन में 132 ताइवानी नागरिकों की आवागमन की स्वतंत्रता सीमित की गई। इनमें से 70 प्रतिशत से अधिक मामले धोखाधड़ी से जुड़े थे।

मेनलाइन अफेयर्स काउंसिल के उपमंत्री और प्रवक्ता लियांग वेन-चिह के अनुसार, प्रतिबंधित लोगों में 93 मामले धोखाधड़ी से जुड़े थे, 13 धार्मिक गतिविधियों से संबंधित थे, एक राष्ट्रीय सुरक्षा मामला था और 25 अन्य विभिन्न घटनाएं थीं।

इसी अवधि में 61 ताइवानी नागरिक “लापता” हो गए और 19 से पूछताछ की गई, जिससे संपर्क टूटने, पूछताछ या आवागमन पर प्रतिबंध से जुड़े कुल मामलों की संख्या 212 हो गई।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   26 March 2026 6:38 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story