यूएई से भारत के लिए रविवार को 90 उड़ानें शेड्यूल्ड
नई दिल्ली, 22 मार्च (आईएएनएस)। यूएई से भारत के लिए रविवार को 90 उड़ानें शेड्यूल्ड हैं। इसके साथ ही, सऊदी अरब और ओमान से भी विमानों का आना जारी है। यह जानकारी सरकार की ओर से दी गई।
बयान में कहा गया है कि हवाई क्षेत्र के आंशिक रूप से फिर से खुलने के साथ, कतर एयरवेज द्वारा रविवार को भारत के लिए लगभग 9-10 नॉन-शेड्यूल्ड कमर्शियल उड़ानें संचालित किए जाने की उम्मीद है।
कुवैत का हवाई क्षेत्र अभी भी बंद है, जबकि जजीरा एयरवेज ने सऊदी अरब के अल कैसुमा हवाई अड्डे से भारत के विभिन्न गंतव्यों के लिए उड़ानें शुरू कर दी हैं। इसके अलावा, बहरीन का हवाई क्षेत्र अभी भी बंद है, जबकि गल्फ एयर सऊदी अरब के दम्माम हवाई अड्डे से भारत के लिए विशेष नॉन-शेड्यूल्ड कमर्शियल उड़ानें संचालित करना जारी रखे हुए है।
बयान में कहा गया है कि कुवैत, बहरीन और इराक से उड़ानों पर लगे प्रतिबंधों को देखते हुए, भारतीय नागरिकों की यात्रा सऊदी अरब के रास्ते सुगम बनाई जा रही है।
इस बीच, पत्तन, पोत परिवहन और जलमार्ग मंत्रालय ने रविवार को कहा कि वह मध्य पूर्व संघर्ष के बीच समुद्री व्यापार की निरंतरता सुनिश्चित करते हुए जहाजरानी गतिविधियों, बंदरगाह संचालन और भारतीय नाविकों की सुरक्षा पर लगातार नजर रख रहा है।
बयान में कहा गया है कि 547 से अधिक भारतीय नाविकों को सुरक्षित स्वदेश वापस लाया जा चुका है, जिनमें से 13 को पिछले 24 घंटों में वापस लाया गया है।
मध्य पूर्व क्षेत्र में सभी भारतीय नाविक सुरक्षित हैं और पिछले 24 घंटों में भारतीय ध्वज वाले जहाजों से जुड़ी कोई घटना सामने नहीं आई है। 611 भारतीय नाविकों वाले 22 भारतीय ध्वज वाले जहाज पश्चिमी फारस की खाड़ी में ही हैं। जहाजरानी महानिदेशालय जहाज मालिकों, आरपीएसएल एजेंसियों और भारतीय दूतावासों के समन्वय से स्थिति पर नजर रख रहा है।
बयान में कहा गया कि डीजी शिपिंग कंट्रोल रूम 24x7 कार्यरत है और अब तक 3,730 कॉल और 7,058 ईमेल का जवाब दे चुका है, जिसमें पिछले 24 घंटों में 60 कॉल और 129 ईमेल शामिल हैं।
भारत में बंदरगाहों का संचालन सामान्य रूप से जारी है और कहीं भी भीड़भाड़ नहीं है। राज्य समुद्री बोर्डों ने भी सुचारू रूप से कार्य करने की पुष्टि की है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   22 March 2026 7:55 PM IST












