किर्गिस्तान में भारत की स्वास्थ्य पहल, भाभाट्रॉन-2 मशीन से दस गुना अधिक मरीजों का इलाज
बिश्केक, 27 जुलाई (आईएएनएस)। किर्गिस्तान के स्वास्थ्य मंत्री दामिरबेक ओस्मोनोव और भारत के राजदूत बीरेंद्र सिंह यादव ने सोमवार को बिश्केक स्थित नेशनल सेंटर ऑफ ऑन्कोलॉजी एंड हेमाटोलॉजी का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने हाल ही में भारत की ओर से दिए गए नए कोबाल्ट-60 स्रोत के बाद वहां काम कर रही भाभाट्रॉन-2 कैंसर इलाज मशीन के संचालन के बारे में जानकारी ली।
किर्गिस्तान में भारतीय दूतावास के अनुसार, भाभाट्रॉन-2 कैंसर इलाज मशीन को पहले भी भारत सरकार ने देश की राजधानी स्थित नेशनल सेंटर ऑफ ऑन्कोलॉजी एंड हेमेटोलॉजी को उपहार के रूप में दिया था।
भारतीय दूतावास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर लिखा, “किर्गिस्तान गणराज्य के स्वास्थ्य मंत्री महामहिम दामिरबेक ओस्मोनोव और राजदूत बीरेंद्र सिंह यादव ने नेशनल सेंटर ऑफ ऑन्कोलॉजी एंड हेमेटोलॉजी का दौरा किया और नए कोबाल्ट-60 स्रोत को लगाने के बाद भाभाट्रॉन-2 कैंसर इलाज मशीन के कामकाज के बारे में जानकारी ली। यह मशीन पहले भारत सरकार की ओर से बिश्केक के नेशनल सेंटर ऑफ ऑन्कोलॉजी एंड हेमेटोलॉजी को दी गई थी।”
दूतावास ने बताया कि कोबाल्ट-60 स्रोत को बदलने के बाद अब भाभाट्रॉन-2 मशीन एक दिन में पहले की तुलना में 10 गुना ज्यादा मरीजों का इलाज कर सकती है।
दूतावास ने कहा कि कोबाल्ट-60 स्रोत को बदलने का यह काम भारत सरकार और भारत के लोगों की ओर से किर्गिस्तान गणराज्य को दिया गया एक उपहार है।
पिछले हफ्ते विदेश मंत्रालय में राज्य मंत्री (एमओएस) कीर्ति वर्धन सिंह ने किर्गिस्तान के चोल्पोन अता शहर में शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) के विदेश मंत्रियों की बैठक के दौरान किर्गिस्तान के विदेश मंत्री झीनबेक कुलुबाएव से मुलाकात की।
इस बैठक में दोनों मंत्रियों ने भारत-किर्गिस्तान साझेदारी में हुई प्रगति की समीक्षा की और दोनों देशों के बीच सहयोग को और मजबूत करने के तरीकों पर चर्चा की।
बैठक के बाद राज्य मंत्री सिंह ने 'एक्स' पर लिखा, “किर्गिस्तान के विदेश मंत्री महामहिम झीनबेक कुलुबाएव से एससीओ विदेश मंत्रियों की बैठक के दौरान मिलकर खुशी हुई। हमने अपनी द्विपक्षीय साझेदारी में हुई प्रगति की समीक्षा की और प्रमुख क्षेत्रों में सहयोग को बढ़ाने के तरीकों पर चर्चा की। भारत-किर्गिस्तान रणनीतिक साझेदारी को आगे बढ़ाने की अपनी साझा प्रतिबद्धता को दोहराया।”
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   27 July 2026 8:09 PM IST












