कलाम को सलाम: जमाल सिद्दीकी ने कहा - डॉ. कलाम के सपने को साकार करने के लिए अभियान से जुड़ें युवा

जमाल सिद्दीकी ने कहा - डॉ. कलाम के सपने को साकार करने के लिए अभियान से जुड़ें युवा
  • रामेश्वरम से “कलाम को सलाम” अभियान का आगाज

New Delhi News. भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा ने पूर्व राष्ट्रपति एवं महान वैज्ञानिक डॉ एपीजे अब्दुल कलाम की पुण्यतिथि के अवसर पर “कलाम को सलाम” नामक देशव्यापी अभियान की शुरुआत की है। भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जमाल सिद्दीकी ने तमिलनाडु के रामेश्वरम में डॉ. कलाम के आवास से उनके स्मारक तक “यूनिटी मार्च” निकाल कर इस अभियान की शुरुआत की। इस अवसर पर सिद्दीकी ने कहा कि “कलाम को सलाम” अभियान का उद्देश्य डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम के राष्ट्र निर्माण, विज्ञान, शिक्षा और विकसित भारत के विजन को जन-जन तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि भाजपा उन सभी महापुरुषों का सम्मान करती है जिन्होंने धर्म और जाति से ऊपर उठकर देश को मजबूत बनाने का कार्य किया। उन्होंने यह भी कहा कि भारतीय मुसलमानों के लिए डॉ. कलाम का जीवन संघर्ष, शिक्षा और राष्ट्र सेवा का सर्वोत्तम आदर्श है।

भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि रामेश्वरम से निकाला गया यूनिटी मार्च राष्ट्रीय एकता, राष्ट्रभक्ति और विकसित भारत के संकल्प का प्रतीक है। अभियान के माध्यम से विशेष रूप से युवा पीढ़ी (जेन जेड) को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विकसित भारत के संकल्प से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा, ताकि डॉ. कलाम द्वारा देखा गया आत्मनिर्भर और विकसित भारत का सपना शीघ्र साकार हो सके। उन्होंने कहा कि डॉ. कलाम का जीवन हमें सिखाता है कि सच्ची सफलता पद से नहीं, बल्कि राष्ट्र और समाज के प्रति समर्पण से प्राप्त होती है। उनके सपनों का विकसित, आत्मनिर्भर और सशक्त भारत ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

Created On :   27 July 2026 8:57 PM IST

Tags

Next Story