जम्मू-कश्मीर पुंछ में टनल साइट के पास संदिग्ध गतिविधि के बाद सर्च ऑपरेशन जारी
श्रीनगर, 11 अगस्त (आईएएनएस)। जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले में सुरंग निर्माण स्थल के पास संदिग्ध गतिविधि देखे जाने के बाद मंगलवार को सुरक्षा बलों ने सर्च ऑपरेशन शुरू किया है।
अधिकारियों के अनुसार, निर्माण स्थल पर तैनात एक सुरक्षा गार्ड ने मंगलवार सुबह संदिग्ध गतिविधि देखी और एहतियात के तौर पर तीन से चार राउंड फायरिंग की।
अधिकारियों ने कहा, "किसी के हताहत होने या संपत्ति के नुकसान की कोई खबर नहीं है। इस घटना के बाद, आज सुबह करीब 6 बजे जम्मू-कश्मीर पुलिस, स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप और सीआरपीएफ के जवानों ने भाटा दुरियन, संगीओट और आसपास के जंगली इलाकों में एक संयुक्त सर्च ऑपरेशन शुरू किया।" उन्होंने कहा कि अब तक सुरक्षा बलों और आतंकियों के बीच कोई मुठभेड़ या गोलीबारी नहीं हुई है।
पुंछ जिले के मेंढर सेक्टर में संदिग्ध गतिविधि की सूचना के बाद टनल के पास बड़े पैमाने पर संयुक्त तलाशी अभियान चलाया गया। इसके अलावा सुरनकोट और मनकोट में भी अतिरिक्त अभियान जारी हैं।
राजौरी जिले में भी सीमा से सटे इलाकों और नौशेरा के आसपास अभियान तेज कर दिए गए हैं। यह कदम खुफिया इनपुट और गांवों के क्षेत्रों में संदिग्ध लोगों के देखे जाने की स्थानीय रिपोर्टों के बाद उठाया गया है।
ये अभियान राष्ट्रीय राइफल्स, जम्मू-कश्मीर पुलिस के स्पेशल ऑपरेशंस ग्रुप और सीआरपीएफ द्वारा चलाए जा रहे हैं। घने जंगलों और दुर्गम पहाड़ी रास्तों को साफ करने के लिए ड्रोन और स्निफर डॉग्स जैसे हाई-टेक उपकरण तैनात किए गए हैं।
सुरक्षा बलों ने पिछले समय में भी पुंछ और राजौरी के सीमावर्ती जिलों में कई बार संदिग्ध गतिविधियों और एलोसी के पास सुरक्षा अलर्ट के बाद बड़े पैमाने पर संयुक्त घेराबंदी और तलाशी अभियान चलाए हैं।
वर्तमान में सुरक्षा बलों ने पीर पंजाल क्षेत्र में समन्वित, खुफिया आधारित घेराबंदी और तलाशी अभियान को तेज कर दिया है। इसमें पुंछ और राजौरी दोनों जिलों के विशिष्ट ग्रामीण क्षेत्रों और घने जंगल वाले इलाकों पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   11 Aug 2026 1:00 PM IST












