'हरि-ओम' से बदलकर 'ओम का हरि' क्यों हुई फिल्म? टाइटल बदलने की अंशुमान झा ने बताई वजह
मुंबई, 1 सितंबर (आईएएनएस)। अभिनेता अंशुमान झा की आने वाली फिल्म 'ओम का हरि' अपने टाइटल को लेकर चर्चा में है। फिल्म का नाम सुनने में भले ही थोड़ा अलग लगे, लेकिन इसके पीछे कहानी से जुड़ा एक खास मतलब है। पिता और बेटे के रिश्ते पर बनी यह ड्रामा-कॉमेडी पहले 'हरि-ओम' टाइटल से दर्शकों के सामने आने वाली थी।
फिल्म की कहानी में हरि और ओम दो अहम किरदार हैं, हालांकि टाइटल के राइट्स न मिलने की वजह से मेकर्स को फिल्म का नाम बदलना पड़ा। अब अंशुमान झा ने बताया है कि कैसे 'हरि-ओम' से 'ओम का हरि' तक पहुंचने का फैसला हुआ और नया नाम फिल्म की कहानी से किस तरह जुड़ा हुआ है।
अंशुमान झा ने कहा, ''फिल्म का पहला टाइटल 'हरि-ओम' ही तय किया गया था। मेकर्स भी इसी नाम के साथ आगे बढ़ना चाहते थे, लेकिन बाद में पता चला कि इस टाइटल के राइट्स हमारे पास नहीं हैं। 'हरि-ओम' नाम के राइट्स टिप्स के पास थे। बताया जाता है कि टिप्स ने दो दशक से ज्यादा समय पहले इसी नाम से एक फिल्म बनाई थी और वह इस टाइटल को छोड़ने के लिए तैयार नहीं थे। ऐसे में हमें फिल्म के लिए दूसरा टाइटल चुनना पड़ा।''
अंशुमान ने कहा, ''हमने 'हरि-ओम' के बजाय 'ओम का हरि' टाइटल चुना, जो न सिर्फ सुनने में अलग है बल्कि फिल्म की कहानी के साथ भी गहराई से जुड़ा हुआ है। यह कोई मजबूरी में रखा गया टाइटल नहीं था। यह फिल्म के असली भाव को भी दिखाता है। 'ओम' और 'हरि' दोनों ही आध्यात्मिक और भारतीय संस्कृति से जुड़े शब्द हैं। ''
उन्होंने कहा, ''फिल्म का नया टाइटल समझाता है कि जिंदगी एक चक्र की तरह होती है। समय के साथ एक बेटा खुद पिता बनता है और फिर वह अपने पिता की भूमिका और सोच को एक अलग नजरिए से समझने लगता है। इसी तरह पिता और बेटे के रिश्ते में भी समय के साथ बदलाव आता है।''
फिल्म में रघुबीर यादव 'हरि' के किरदार में है, जबकि अंशुमान झा 'ओम' की भूमिका निभा रहे हैं। फिल्म की कहानी का सबसे अहम हिस्सा पिता और बेटे के बीच का रिश्ता है। आमतौर पर पिता और बेटे के रिश्ते में प्यार के साथ-साथ सोच का फर्क भी देखने को मिलता है। दोनों एक-दूसरे को समझने की कोशिश करते हैं, लेकिन कई बार उनके बीच टकराव भी होता है। 'ओम का हरि' इसी रिश्ते के अलग-अलग रंगों को ड्रामा और कॉमेडी के जरिए सामने लाती है।
फिल्म में अंशुमान झा और रघुबीर यादव के अलावा सोनी राजदान, आयशा कपूर और समता सुदीक्षा भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगी। फर्स्ट रे फिल्म्स के बैनर तले बनी इस फिल्म का निर्देशन हरीश व्यास ने किया है।
'ओम का हरि' सितंबर में सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   1 Sept 2026 1:40 PM IST












