अमिताभ बच्चन के जन्मदिन पर अनुपम खेर का खास संदेश, बोले- कद, प्रतिभा और गरिमा में सबसे ऊंचे हैं बिग बी

अमिताभ बच्चन के जन्मदिन पर अनुपम खेर का खास संदेश, बोले- कद, प्रतिभा और गरिमा में सबसे ऊंचे हैं बिग बी
अभिनेता अनुपम खेर ने बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन के 84वें जन्मदिन पर उन्हें शुभकामनाएं दी। उन्होंने अमिताभ बच्चन की प्रशंसा करते हुए एक भावुक संदेश लिखा और कहा कि वह पर्दे पर और पर्दे के बाहर अपने व्यक्तित्व से पीढ़ियों को प्रेरित करते रहे हैं।

मुंबई, 11 अक्टूबर (आईएएनएस)। अभिनेता अनुपम खेर ने बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन के 84वें जन्मदिन पर उन्हें शुभकामनाएं दी। उन्होंने अमिताभ बच्चन की प्रशंसा करते हुए एक भावुक संदेश लिखा और कहा कि वह पर्दे पर और पर्दे के बाहर अपने व्यक्तित्व से पीढ़ियों को प्रेरित करते रहे हैं।

रविवार को अनुपम खेर ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर अमिताभ बच्चन के साथ एक तस्वीर साझा की। तस्वीर में दोनों अभिनेता गर्म ऊनी कपड़ों में नजर आ रहे हैं।

तस्वीर के साथ अनुपम खेर ने लिखा, "कद, प्रतिभा, गरिमा और ताकत में सबसे ऊंचे व्यक्ति को जन्मदिन की शुभकामनाएं। एकमात्र अमिताभ बच्चन। अमित जी, आप पूरी दुनिया के लिए और व्यक्तिगत रूप से मेरे लिए प्रेरणा हैं। आपकी शालीनता, समर्पण और अपने काम के प्रति सम्मान लगातार नई पीढ़ियों को प्रेरित करता है।"

उन्होंने लिखा, "आपके साथ बिताया हर पल मेरे लिए खास रहा है। आपने हमेशा मुझसे पर्दे पर और पर्दे के बाहर मेरा सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करवाया है। आपके साथ काम करने का हर अवसर मेरे लिए सम्मान की बात रहा है और हर बातचीत एक यादगार अनुभव है।"

अनुपम खेर ने अमिताभ बच्चन के अच्छे स्वास्थ्य और लंबी उम्र की कामना करते हुए कहा, "ईश्वर आपको दुनिया की सारी खुशियां और लंबा, स्वस्थ जीवन दे। आप आने वाले कई वर्षों तक हमारे दिलों को इसी तरह आश्चर्य और प्रेरणा से भरते रहें। प्यार, सम्मान और प्रशंसा के साथ जन्मदिन की शुभकामनाएं अमित जी।"

अमिताभ बच्चन भारतीय सिनेमा के सबसे प्रतिष्ठित अभिनेताओं में गिने जाते हैं। उनका करियर पांच दशक से भी अधिक समय का है। फिल्मों के अलावा उन्होंने क्विज आधारित रियलिटी शो 'कौन बनेगा करोड़पति' के जरिए भी देश के घर-घर में अपनी खास पहचान बनाई।

सिनेमा के साथ-साथ अमिताभ बच्चन ने 1980 के दशक में राजनीति में भी कदम रखा था। तत्कालीन प्रधानमंत्री राजीव गांधी के करीबी मित्र रहे अमिताभ बच्चन ने 1984 का लोकसभा चुनाव कांग्रेस के टिकट पर इलाहाबाद से लड़ा था और वरिष्ठ नेता एचएन बहुगुणा को बड़े अंतर से हराया था।

हालांकि, 1987 में बोफोर्स विवाद के दौरान उन्होंने संसद की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया था। उन्होंने अपने ऊपर लगे आरोपों से इनकार किया और बाद में सक्रिय राजनीति से दूरी बनाकर फिर से फिल्मों की दुनिया में लौट आए। इसके बाद से वह लगातार विभिन्न पीढ़ियों के बीच अपनी लोकप्रियता बनाए हुए हैं।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   11 Oct 2026 11:52 PM IST

Tags

Next Story