यमन में सरकार और हौती विद्रोहियों के बीच भीषण संघर्ष, कम से कम 90 लोगों की मौत

अदन, 4 सितंबर (आईएएनएस)। पश्चिमी यमन में सरकारी बलों और हूती विद्रोहियों के बीच लड़ाई तेज होने से पिछले दो दिनों में कम से कम 90 लोगों की मौत हो गई है। चिकित्सा अधिकारियों के अनुसार, गुरुवार से शुरू हुई झड़पों में 40 सरकारी सैनिक और 50 हौती लड़ाके मारे गए हैं।
रेड सी तटीय क्षेत्र होदेदाह प्रांत में शुक्रवार तड़के हौतियों ने बड़े पैमाने पर हमला किया, जिसके बाद भीषण संघर्ष छिड़ गया। यहां कम से कम 14 सरकारी सैनिक मारे गए।
वहीं, पड़ोसी ताइज़ प्रांत में गुरुवार से जारी झड़पों में 26 सरकारी सैनिकों की मौत हुई। दूसरी ओर, हौती नियंत्रित इलाकों के अस्पतालों में होदेदाह और ताइज़ मोर्चों पर मारे गए 50 हूती लड़ाकों के शव लाए गए हैं।
सैन्य सूत्रों के मुताबिक, शुक्रवार को दोनों पक्षों ने अतिरिक्त सैनिक, बख्तरबंद वाहन और भारी सैन्य उपकरण मोर्चों पर भेजे, जिससे संघर्ष और तेज हो गया।
हाल के वर्षों में पश्चिमी यमन में यह सबसे भीषण जमीनी लड़ाइयों में से एक मानी जा रही है। इससे आशंका बढ़ गई है कि लंबे समय से अपेक्षाकृत शांत पड़े मोर्चों पर बड़े पैमाने पर हिंसा फिर लौट सकती है।
इससे पहले सोमवार को यमन की सरकारी सेना ने दावा किया था कि उसने लाल सागर के अंतरराष्ट्रीय नौवहन मार्ग के पास स्थित सरकारी नियंत्रण वाले हानिश और जुकर द्वीपों की ओर बढ़ रही हूतियों की चार विस्फोटक नौकाओं को रोक दिया था।
पिछले कुछ हफ्तों में यमन के कई मोर्चों पर संघर्ष लगातार बढ़ा है। सरकारी बल हौती ठिकानों पर ड्रोन और तोपखाने से हमले कर रहे हैं, जबकि हौती समूह मारिब और पश्चिमी रेड सी तट पर सरकारी नियंत्रण वाले इलाकों पर मिसाइल और ड्रोन हमले कर रहा है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   4 Sept 2026 9:31 PM IST












