भारतीय नौसेना और रॉयल थाई नेवी के बीच स्टाफ वार्ता का नई दिल्ली में सफल आयोजन, रक्षा एवं समुद्री सहयोग पर हुई चर्चा

भारतीय नौसेना और रॉयल थाई नेवी के बीच स्टाफ वार्ता का नई दिल्ली में सफल आयोजन, रक्षा एवं समुद्री सहयोग पर हुई चर्चा
भारतीय नौसेना और रॉयल थाई नेवी के बीच 14वें स्टाफ वार्ता (स्टाफ टॉक्स) का सफल आयोजन नई दिल्ली में संपन्न हुआ। इस दौरान दोनों देशों ने क्षमता निर्माण, प्रशिक्षण सहयोग और द्विपक्षीय रक्षा संबंधों को और मजबूत बनाने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। साथ ही भविष्य में सहयोग के नए क्षेत्रों की पहचान पर भी चर्चा की गई।

नई दिल्ली, 4 सितंबर (आईएएनएस)। भारतीय नौसेना और रॉयल थाई नेवी के बीच 14वें स्टाफ वार्ता (स्टाफ टॉक्स) का सफल आयोजन नई दिल्ली में संपन्न हुआ। इस दौरान दोनों देशों ने क्षमता निर्माण, प्रशिक्षण सहयोग और द्विपक्षीय रक्षा संबंधों को और मजबूत बनाने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। साथ ही भविष्य में सहयोग के नए क्षेत्रों की पहचान पर भी चर्चा की गई।

भारतीय नौसेना ने शुक्रवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जानकारी देते हुए बताया कि 3 सितंबर 2026 को आयोजित इस बैठक की संयुक्त अध्यक्षता भारतीय नौसेना के रियर एडमिरल सचिन आर सिकेरा, एसीएनएस (एफसीआई) और रॉयल थाई नेवी के रियर एडमिरल चकसावत साइवोंग, निदेशक, नीति एवं योजना कार्यालय, नौसेना संचालन विभाग ने की।

भारतीय नौसेना के अनुसार, वार्ता का मुख्य उद्देश्य दोनों देशों के बीच रक्षा एवं समुद्री सहयोग की मजबूत नींव को और सुदृढ़ करना, क्षमता निर्माण एवं प्रशिक्षण के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाना तथा भविष्य की साझेदारी के नए अवसरों की पहचान करना था।

इससे पहले जुलाई में भारतीय नौसेना के पूर्वी बेड़े के युद्धपोत आईएनएस उदयगिरी, आईएनएस शक्ति और आईएनएस कवरत्ती ने रॉयल थाई नेवी के युद्धपोत एचटीएमएस चाओ फ्राया के साथ एक संयुक्त पैसेज एक्सरसाइज में हिस्सा लिया था। यह अभ्यास थाईलैंड के सत्ताहिप बंदरगाह की यात्रा के बाद आयोजित किया गया था।

भारतीय नौसेना ने बताया कि इस संयुक्त अभ्यास ने दोनों नौसेनाओं के बीच परिचालन समन्वय और आपसी तालमेल को मजबूत करने का अवसर प्रदान किया। साथ ही समुद्री सुरक्षा और क्षेत्रीय स्थिरता बनाए रखने की साझा प्रतिबद्धता को भी दोहराया गया।

सत्ताहिप यात्रा के दौरान दोनों देशों की नौसेनाओं के बीच कई पेशेवर आदान-प्रदान कार्यक्रम आयोजित किए गए। इसके अलावा संयुक्त योग सत्र, खेलकूद गतिविधियां और युद्धपोतों के दौरे भी आयोजित किए गए। यात्रा के समापन पर रॉयल थाई नेवी की ओर से भारतीय नौसेना के जहाजों को गर्मजोशी के साथ विदाई दी गई।

30 जून को भी दोनों देशों की नौसेनाओं के बीच मित्रता और सहयोग को बढ़ावा देने के उद्देश्य से भारतीय नौसेना के कर्मियों और रॉयल थाई नेवी के जवानों के बीच एक मैत्रीपूर्ण वॉलीबॉल मैच खेला गया था। यह आयोजन आईएनएस उदयगिरी, आईएनएस शक्ति और आईएनएस कवरत्ती की सत्ताहिप यात्रा के दौरान हुआ था।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   4 Sept 2026 9:31 PM IST

Tags

Next Story