भाजपा ने आईआईटी बॉम्बे के छात्र की मौत पर दुख जताया, कहा-जांच से सच्चाई सामने आएगी
मुंबई, 19 सितंबर (आईएएनएस)। भाजपा ने शनिवार को आईआईटी बॉम्बे के एक छात्र की मौत पर दुख जताया। पार्टी ने इसे दिल दहला देने वाली घटना बताया और कहा कि जांच के बाद ही उसकी मौत की वजह साफ हो पाएगी।
शुक्रवार शाम को आईआईटी बॉम्बे के पवई कैंपस में एक छात्र मृत पाया गया। यह घटना तब हुई जब अधिकारियों ने उसे परीक्षा के दौरान मोबाइल का इस्तेमाल करते हुए पकड़ा था।
छात्र की पहचान महाराष्ट्र के यवतमाल जिले के रहने वाले साहिल वाकोडे के तौर पर हुई है। वह आईआईटी बॉम्बे में एनर्जी साइंस एंड इंजीनियरिंग डिपार्टमेंट में दूसरे साल की पढ़ाई कर रहा था।
आईएएनएस से बातचीत में भाजपा नेता राम कदम ने कहा कि एक होनहार छात्र का इस तरह अपनी जान दे देना दिल दहला देने वाली घटना है। आत्महत्या के बारे में जो खबरें आ रही हैं, इसके पीछे क्या वजह थी और क्या हालात बने जिसकी वजह से छात्र ने अपनी जान दी, ये सभी बातें जांच के बाद ही सामने आएंगी।
राम कदम ने दिवंगत अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की पूर्व मैनेजर दिशा सालियान की मौत के मामले में हो रही गतिविधियों पर भी प्रतिक्रिया दी। कदम ने कहा कि यह बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है कि एक पिता ने अपनी बेटी को खो दिया और उसके बाद भी सीबीआई को केस दर्ज करने में साढ़े छह साल लग गए। अब पिता ने सीधे तौर पर आदित्य ठाकरे पर आरोप लगाया है। उनकी सरकार ने क्या किया? उनकी सरकार ने तो इसे आत्महत्या करार दिया था।
उन्होंने कहा कि जब कोई पिता बच्चे को जन्म देता है, उसे बड़ा करता है, उसकी छोटी-छोटी उंगलियां पकड़कर चलना सिखाता है और फिर उसे चिता पर देखता है, तो उस पिता के दिल पर क्या बीतती होगी? और जब ऐसा पिता न्याय की गुहार लगाता है, तो चाहे आदित्य ठाकरे हों या दूसरे नेता, वे इसे राजनीतिक रूप से प्रेरित बताते हैं।
शिव सेना यूबीटी के लोग पिता की न्याय की मांग को नौटंकी बता रहे हैं। ठाकरे एंड परिवार को जवाब देना चाहिए कि एक पिता न्याय मांग रहा है तो उसे नौटंकी कैसे कहा जा सकता है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   19 Sept 2026 4:25 PM IST












