- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- छिंदवाड़ा
- /
- महज 10 मिनट में दम तोड़ा...
छिंदवाड़ा न्यूज: महज 10 मिनट में दम तोड़ा मुख्यमंत्री के जन विश्वास अभियान ने

डिजिटल डेस्क छिंदवाड़ा| प्रदेश की जनता की समस्याओं के त्वरित निराकरण और शासन की योजनाओं की जमीनी हकीकत जानने के लिए मुख्यमंत्री के नाम पर चल रहे बहुप्रचारित "जन विश्वास अभियान" की कलई छिंदवाड़ा में खुल गई। स्थानीय छोटी बाजार स्थित शहर संभाग के नगर वितरण केन्द्र में आयोजित जन समस्या निवारण शिविर महज 10 मिनट की एक औपचारिकता बनकर रह गया। ऊर्जा विभाग के प्रमुख सचिव मनीष सिंह की मौजूदगी वाले इस हाई-प्रोफाइल शिविर में आम जनता और अन्नदाताओं की चीखें सुने बिना ही जिम्मेदार अधिकारियों के उल्टे पांव लौटने लगे तो पत्रकारों ने सवाल पूछना चाहा लेकिन कैमरे से दूरी बनाते हुए वह बगैर जवाब दिए निकल गए।
बाद में लिखी गई शिकायतें
प्रमुख उर्जा सचिव श्री सिंह के शिविर को छोड़ जाने के उपरांत स्थानीय अधिकारियों व कर्मचारियों ने उपभोक्ताओं की शिकायतें दर्ज की। जिसमें 42 उपभोक्ताओं ने अपनी समस्या दर्ज कराई। वहीं चौरई विकासखंड के ग्राम बींझावाड़ा से शिविर में आए एक दर्जन किसानों को खाली हाथ लौटना पड़ा।
कृषि पंपों पर हो फ्लेट रेट बिलिंग
किसान मुकेश पटेल ने शिविर में पहुंचकर ऊर्जा सचिव के सामने कृषि पंपों पर अचानक फ्लैट रेट बिलिंग बंद कर मीटर बिलिंग प्रांरभ कर अनाप शनाप चार्ज लगाकर बिल दिए जाने का मुद्दा रखा। जिस पर उन्हें नियामक आयोग द्वारा जारी टेरिफ नियमों की जानकारी दी गई।
जनविश्वास तोड़ गए अधिकारी
जन विश्वास अभियान में आम उपभोक्ताओं के बीच विश्वास जगाने पहुंचे अधिकारी ही जन विश्वास तोड़ गए। उपभोक्ताओं की समस्या का समाधान करना तो दूर सवालों से भी किनारा कर लिया। पीड़ित उपभोक्ता जितेन्द्र सिंह चौहान ने अपनी समस्या व्यक्त करते हुए मीडिया के समक्ष रखी।
सुलगते सवाल और जनता की अनसुनी फरियाद
शहर के कोने-कोने से पहुंचे किसान और त्रस्त बिजली उपभोक्ता अपने हाथों में बिजली बिल, प्रार्थना पत्र और उम्मीदों की आस लेकर शिविर स्थल पर पहुंचे थे। उपभोक्ताओं की मुख्य मांगों में फ्लैट रेट पर बिजली बिल की मांग, स्मार्ट मीटर की बेलगाम अनियंत्रित गति और उसकी तकनीकी लूट से राहत, किराए के मकानों या नए परिसरों के लिए मीटरों का आसानी से आवंटन, तथा कृषि पंप कनेक्शनों से मनमानी सुरक्षा निधि (सिक्योरिटी डिपॉजिट) हटाए जाने जैसे गंभीर मुद्दे शामिल थे। लेकिन इन तमाम उम्मीदों और दुखों पर उस वक्त पानी फिर गया, जब ऊर्जा सचिव श्री सिंह बिना किसी जनसुनवाई के चंद मिनटों में शिविर को समेट कर चले गए। इस प्रशासनिक संवेदनहीनता के दौरान अधीक्षण अभियंता सुनील कुमार सिन्हा सहित तमाम विभागीय अधिकारी भी मूकदर्शक बने रहे।
प्रमुख सचिव ने किया निरीक्षण
प्रमुख सचिव ऊर्जा श्री सिंह ने भ्रमण के दौरान आईटीआई संस्थानों में प्रवेश तथा शिक्षा प्रशिक्षण के साथ ही सुविधाओं को देखा। वहीं महिला आईटीआई में बालिका हॉस्टल का प्रस्ताव बनाने कहा। इसी के साथ ही सलैया स्थित एचएफडीएल फेक्ट्री का अवलोकन एवं जुन्नारदेव के ग्राम डुंगरिया में आयोजित शिविर में ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्या का समाधान किया। इसके बाद वह सारणी के लिए रवाना हो गए।
Created On :   19 Sept 2026 4:12 PM IST












