बीएसई ने लॉन्च किया 'टोटल मार्केट इंडेक्स', अब व्यापक बाजार को ट्रैक करना होगा आसान
मुंबई, 23 जुलाई (आईएएनएस)। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) ने गुरुवार को नए बेंचमार्क बीएसई टोटल मार्केट इंडेक्स (टीएमआई) को लॉन्च किया है। यह बाजार पूंजीकरण के हिसाब से बीएसई ऑलकैप में मौजूद 98 प्रतिशत कंपनियों का प्रतिनिधित्व करेगा। इसके जरिए एक्सचेंज की कोशिश बाजार की ट्रैकिंग को आसान बनाना है।
एक्सचेंज के अनुसार, यह इंडेक्स बीएसई ऑलकैप यूनिवर्स के कम से कम 98 प्रतिशत हिस्से को कवर करेगा (जिसमें कम से कम 1,000 स्टॉक्स शामिल होंगे), जिससे यह भारतीय इक्विटी मार्केट के लिए सबसे व्यापक बेंचमार्क में से एक बन जाएगा।
बीएसई टोटल मार्केट इंडेक्स की बेस वैल्यू 1,000 है और इसकी पहली वैल्यू डेट 16 सितंबर, 2005 है। इस इंडेक्स को हर छह महीने में (जून और दिसंबर) पुनर्गठित किया जाएगा।
इस इंडेक्स का संचालन बीएसई की सहयोगी कंपनी बीएसई इंडेक्स सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड की ओर से किया जाएगा, जो अन्य इंडेक्स का भी संचालन करती है।
बीएसई इंडेक्स सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड के मैनेजिंग डायरेक्टर और सीईओ आशुतोष सिंह ने कहा कि इस इंडेक्स को भविष्य के हिसाब से तैयार किया गया है। यह भारत के कैपिटल मार्केट की ग्रोथ के साथ-साथ बढ़ता है, न कि कुछ तय कंपनियों या शेयरों तक ही सीमित रहता है।
उन्होंने कहा, "बीएसई टोटल मार्केट इंडेक्स को इस तरह से बनाया गया है कि जैसे-जैसे भारत का कैपिटल मार्केट बढ़ेगा, यह भी बढ़ेगा। यह लिस्टेड मार्केट कैपिटलाइजेशन के दायरे का व्यापक और सही प्रतिनिधित्व करता है और साथ ही यह भी दिखाता है कि मार्केट में कैसे बदलाव आ रहे हैं।"
एक्सचेंज ने कहा कि इस नए बेंचमार्क का इस्तेमाल पैसिव इन्वेस्टमेंट प्रोडक्ट्स जैसे एक्सचेंज-ट्रेडेड फंड्स (ईटीएफ) और इंडेक्स फंड्स के लिए किया जा सकता है। इसके अलावा, यह पोर्टफोलियो मैनेजमेंट सर्विसेज (पीएमएस), म्यूचुअल फंड स्कीम और इंस्टीट्यूशनल पोर्टफोलियो के लिए भी बेंचमार्क का काम करेगा।
इससे पहले जनवरी में, बीएसई इंडेक्स सर्विसेज ने डेरिवेटिव स्टॉक्स इंडेक्स लॉन्च किया था, जो बीएसई 500 इंडेक्स के डेरिवेटिव-लिंक्ड शेयरों के परफॉर्मेंस को ट्रैक करता है। टोटल मार्केट इंडेक्स की तरह ही, इसका मकसद भी ईटीएफ और इंडेक्स फंड्स के जरिए पैसिव इन्वेस्टमेंट स्ट्रेटेजी को सपोर्ट करना है, साथ ही पीएमएस स्ट्रेटेजी, म्यूचुअल फंड स्कीम और इन्वेस्टमेंट पोर्टफोलियो के लिए बेंचमार्क के तौर पर काम करना है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   23 July 2026 3:13 PM IST












