एम.एस. सुब्बुलक्ष्मी की जिंदगी पर बन रही फिल्म कब आएगी? अल्लू अरविंद ने बताया रिलीज का समय
चेन्नई, 18 सितंबर (आईएएनएस)। दिग्गज कर्नाटक संगीत गायिका और भारत रत्न से सम्मानित एम.एस. सुब्बुलक्ष्मी की जिंदगी अब बड़े पर्दे पर नजर आने वाली है। उनकी जिंदगी पर बन रही बहुप्रतीक्षित फिल्म 'एमएस-ए लिगेसी ऑन स्क्रीन' को लेकर दर्शकों के बीच अभी से काफी उत्सुकता है। फिल्म के निर्माताओं में शामिल मशहूर निर्माता अल्लू अरविंद ने आईएएनएस से बातचीत में बताया कि दर्शक इस फिल्म को अगले साल अगस्त के बाद किसी भी समय सिनेमाघरों में देख सकते हैं।
फिल्म के लॉन्च इवेंट में पहुंचे अल्लू अरविंद ने आईएएनएस से बातचीत में फिल्म की रिलीज को लेकर कहा, ''यह फिल्म अगस्त 2027 के बाद सिनेमाघरों में दस्तक दे सकती है।''
'एमएस-ए लिगेसी ऑन स्क्रीन' का निर्देशन गौतम तिन्ननुरी कर रहे हैं। फिल्म में अभिनेत्री रश्मिका मंदाना एम.एस. सुब्बुलक्ष्मी की मुख्य भूमिका निभाती नजर आएंगी। फिल्म में देश के जाने-माने संगीतकार अनिरुद्ध म्यूजिक तैयार कर रहे हैं। फिल्म की घोषणा के साथ ही इसके कलाकारों और कहानी को लेकर दर्शकों में उत्सुकता बढ़ गई है।
निर्देशक गौतम तिन्ननुरी ने कहा, ''जब मैंने इस कहानी पर काम शुरू किया था, तब मुझे लगा था कि मैं भारत की महानतम संगीत हस्तियों में से एक की कहानी पर्दे पर दिखाऊंगा, लेकिन रिसर्च के दौरान मुझे धीरे-धीरे एहसास हुआ कि यह सिर्फ एक महान संगीतकार की कहानी नहीं है, बल्कि एक असाधारण जिंदगी की कहानी है। उनके जीवन में भारत रत्न, बड़े मंच और मशहूर कॉन्सर्ट हॉल जैसे कई गौरवपूर्ण पड़ाव रहे हैं, लेकिन इन उपलब्धियों के पीछे एक आम इंसान था। वह एक बेटी थीं, एक कलाकार थीं और एक ऐसी महिला थीं, जिन्होंने सपने देखे, सफलता हासिल की, असफलताओं का सामना किया और कई तरह के त्याग किए।''
गौतम तिन्ननुरी ने कहा, ''फिल्म में मेरी कोशिश एमएस सुब्बुलक्ष्मी के इसी मानवीय पक्ष को सामने लाने की है। जब किसी महान शख्सियत की जिंदगी को पर्दे पर दिखाया जाता है, तो अक्सर उसकी बड़ी उपलब्धियां ही लोगों के सामने आती हैं, लेकिन इस फिल्म के जरिए मैं यह बताना चाहता हूं कि इतनी बड़ी सफलता के पीछे किस तरह का जीवन और संघर्ष रहा। एमएस सुब्बुलक्ष्मी ने अपनी कला को जिस तरह पूरी जिंदगी समर्पित की, वह भी उनकी कहानी का अहम हिस्सा होगा।''
गौतम तिन्ननुरी ने आज की युवा पीढ़ी का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा, ''फिल्म के लॉन्च के मौके पर बड़ी संख्या में युवाओं को देखकर मुझे बेहद खुशी हुई। आज की दुनिया बहुत तेज रफ्तार से आगे बढ़ रही है और कई बार सफलता को लाइक्स, शेयर और सब्सक्राइबर्स की संख्या से मापा जाने लगा है, लेकिन एमएस सुब्बुलक्ष्मी की महानता रातोंरात नहीं बनी थी। उन्होंने अपनी पूरी जिंदगी अनुशासन और धैर्य के साथ अपने संगीत को समर्पित की। उनकी जिंदगी आज की पीढ़ी को एक बेहद जरूरी संदेश देती है। उनकी सफलता के पीछे वर्षों की मेहनत, अनुशासन और लगातार सीखने की भावना थी। ऐसे समय में जब लोग जल्दी सफलता हासिल करना चाहते हैं, उनकी कहानी धैर्य के महत्व को समझाने वाली हो सकती है।''
गौतम ने कहा, ''पूरी टीम इस बात को समझती है कि एमएस सुब्बुलक्ष्मी जैसी महान शख्सियत की जिंदगी को पर्दे पर उतारना बहुत बड़ी जिम्मेदारी है। फिल्म की कहानी और हर फ्रेम को गहरे सम्मान और प्यार के साथ तैयार किया जा रहा है। हम सभी खुद को भाग्यशाली मानते हैं कि हमें एमएस सुब्बुलक्ष्मी की जिंदगी की कहानी के साथ काम करने का मौका मिला है।''
'एमएस-ए लिगेसी ऑन स्क्रीन' का निर्माण अल्लू अरविंद की गीता आर्ट्स, रॉकलाइन एंटरटेनमेंट और बनी वास वर्क्स मिलकर कर रहे हैं।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   18 Sept 2026 1:05 PM IST












