पश्चिम एशिया में तनाव के बीच भारत-न्यूजीलैंड की दोस्ती अहम, ऊर्जा सुरक्षा पर साथ काम करेंगे टॉड मैक्ले

पश्चिम एशिया में तनाव के बीच भारत-न्यूजीलैंड की दोस्ती अहम, ऊर्जा सुरक्षा पर साथ काम करेंगे  टॉड मैक्ले
पश्चिम एशिया की स्थिति के कारण ऊर्जा सुरक्षा को लेकर न्यूजीलैंड के व्यापार और निवेश मंत्री टॉड मैक्ले ने कहा क‍ि यह समय दुनिया के ल‍िए बहुत ही चुनौतीपूर्ण है लेकिन दो समान विचारधारा वाले देशों के बीच सहमत‍ि से सकारात्मक परिणाम निकल सकते हैं।

नई दिल्ली, 18 सितंबर (आईएएनस)। पश्चिम एशिया की स्थिति के कारण ऊर्जा सुरक्षा को लेकर न्यूजीलैंड के व्यापार और निवेश मंत्री टॉड मैक्ले ने कहा क‍ि यह समय दुनिया के ल‍िए बहुत ही चुनौतीपूर्ण है लेकिन दो समान विचारधारा वाले देशों के बीच सहमत‍ि से सकारात्मक परिणाम निकल सकते हैं।

आईएएनएस से बात करते हुए न्यूजीलैंड के मंत्री टॉड मैक्ले ने कहा क‍ि पश्चिम एशिया की स्थिति के इन कठिन समय में भारत और न्यूजीलैंड की साझेदारी बेहद महत्वपूर्ण है। हमने यह साबित कर दिया है कि दोनों सरकारें एक-दूसरे पर भरोसा करती हैं।

मंत्री टॉड मैक्ले ने बताया क‍ि भारत-न्यूजीलैंड 'फ्री ट्रेड एग्रीमेंट' के पक्ष में हमारी पूरी संसद में बहुत बड़ी संख्या में वोट पड़े। इसके समर्थन में 93 वोट पड़े जबकि विरोध में 26 वोट पड़े। किसी व्यापार समझौते के लिए हमने अब तक जितना समर्थन देखा है, यह उनमें से सबसे बड़े बहुमत में से एक है।

यह दिखाता है कि न्यूजीलैंड की संसद न सिर्फ इस बेहतरीन समझौते को अहम मान रही है बल्कि यह वोट हमारे दोनों देशों के रिश्तों की अहमियत पर भरोसा भी दिखाता है। अब अगला कदम यह है कि हम इसे कानून का रूप देंगे। इसके बाद हम भारत के साथ औपचारिक राजनयिक दस्तावेजों का आदान-प्रदान करेंगे। जब भारत भी अपनी तरफ से यही प्रक्रिया पूरी कर लेगा, तब इस समझौते को लागू करने की समयसीमा शुरू हो जाएगी। मुझे लगता है कि हम उम्मीद कर सकते हैं कि यह अगले एक महीने के अंदर हो जाएगा।

उन्‍होंने कहा क‍ि हमने दुनिया के सबसे उच्च गुणवत्ता वाले समझौतों में से एक पर हस्ताक्षर किए हैं। यह हमारे व्यापारिक समुदाय को संकेत देता है कि हम चाहते हैं कि वे भी मिलकर काम करें। इस समय दुनिया बहुत ही चुनौतीपूर्ण है लेकिन इससे पता चलता है कि दो समान विचारधारा वाले देश सहमत हो सकते हैं और इससे केवल सकारात्मक परिणाम ही निकलेंगे।

टॉड मैक्ले ने कहा क‍ि हमने पहले भी भारत के साथ कई क्षेत्रों में बातचीत और चर्चा की है और समझौते किए हैं, जिनमें व्यापार भी शामिल है। इसलिए ऊर्जा सुरक्षा अत्यंत महत्वपूर्ण है और विशेष रूप से नवीकरणीय ऊर्जा के क्षेत्र में, हम मिलकर बहुत कुछ कर सकते हैं।

बेशक, अब हमारे संबंधों में और भी बहुत कुछ जुड़ गया है। हमने सुरक्षा को लेकर सहयोग समझौते किए हैं। हमारी सैन्य सेवाएं रचनात्मक रूप से मिलकर काम करेंगी। इसलिए यह व्यापार समझौता न्यूजीलैंड सरकार की ओर से भारत के साथ अपने संबंधों को मजबूत करने के प्रयासों, ध्यान और निवेश की शुरुआत मात्र है।

मैक्ले ने बताया क‍ि हमारे दोनों प्रधानमंत्रियों के बीच मित्रता स्थापित हो गई है और मंत्री गोयल और मैं बहुत घनिष्ठ मित्र हैं और यही वह आधारशिला है जिसके बल पर हम दो समान विचारधारा वाले देशों के रूप में मिलकर और भी बहुत कुछ कर सकते हैं। मैक्ले ने बताया क‍ि न्यूजीलैंड में चुनाव होने वाले हैं। चुनाव समाप्त होने के बाद, मुझे उम्मीद है कि मैं साल के अंत से पहले भारत आ सकूंगा।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   18 Sept 2026 1:05 PM IST

Tags

Next Story