बंगाल चुनाव ममता बनर्जी ने केंद्रीय बलों पर मतदाताओं को परेशान करने का लगाया आरोप
कोलकाता, 29 अप्रैल (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने बुधवार को विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के मतदान के दौरान केंद्रीय बलों पर मतदाताओं को परेशान करने और निर्दोष लोगों के साथ मारपीट करने का आरोप लगाया।
ममता बनर्जी ने दक्षिण कोलकाता के भवानीपुर विधानसभा क्षेत्र स्थित मित्रा इंस्टीट्यूशन मतदान केंद्र पर शाम करीब 4:30 बजे अपना वोट डाला। मतदान के बाद मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि स्वतंत्र, निष्पक्ष और हिंसा मुक्त मतदान के नाम पर केंद्रीय बलों ने महिलाओं और बच्चों सहित कई निर्दोष मतदाताओं को प्रताड़ित किया।
उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग द्वारा तैनात केंद्रीय बल पूरे दिन पुलिस पर्यवेक्षकों के निर्देश पर तृणमूल कांग्रेस के नेताओं, कार्यकर्ताओं और यहां तक कि पोलिंग एजेंटों को भी निशाना बना रहे थे।
मुख्यमंत्री ने कहा, “क्या यह वास्तव में स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव है? मैंने मतदान के दिन केंद्रीय बलों को कई तरह के अत्याचार करते देखा है। इसके बावजूद मुझे इस वर्ष विधानसभा चुनाव में तृणमूल कांग्रेस की जीत का पूरा भरोसा है।”
ममता बनर्जी भवानीपुर सीट से मौजूदा विधायक और तृणमूल कांग्रेस उम्मीदवार हैं। इस सीट पर उनका मुकाबला पश्चिम बंगाल विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष शुभेंदु अधिकारी से है।
मुख्यमंत्री ने केंद्रीय बलों के साथ-साथ कोलकाता पुलिस और पश्चिम बंगाल पुलिस के कुछ थाना प्रभारियों की भूमिका पर भी सवाल उठाए।
उन्होंने आरोप लगाया कि नदिया जिले के कई इलाकों, हुगली जिले के आरामबाग, खानाकुल और गोगाट क्षेत्रों तथा दक्षिण 24 परगना जिले के कैनिंग इलाके में भी अत्याचार की घटनाएं हुई हैं। उनके मुताबिक यह घटनाएं मंगलवार रात से जारी हैं।
ममता बनर्जी ने कहा कि चुनाव आयोग ने अन्य राज्यों से पुलिस पर्यवेक्षक भेजे हैं, जिन्हें बंगाली भाषा नहीं आती, जिससे संवाद में समस्या पैदा हो रही है।
उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ अधिकारी केंद्रीय बलों को निर्दोष मतदाताओं और तृणमूल उम्मीदवारों के खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश दे रहे हैं।
हालांकि भवानीपुर क्षेत्र में दिनभर छिटपुट तनाव की खबरें रहीं, लेकिन किसी के हताहत होने या गंभीर रूप से घायल होने की सूचना नहीं है। कुछ स्थानों पर भीड़ को नियंत्रित करने के लिए केंद्रीय बलों को लाठीचार्ज भी करना पड़ा।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   29 April 2026 6:12 PM IST












