एशियन गेम्स 2026 के लिए भारतीय स्क्वाड में चंडीगढ़ की खिलाड़ी को मिली जगह

चंडीगढ़, 1 जुलाई (आईएएनएस)। एशियाई खेलों के लिए बीसीसीआई ने बीते दिन भारतीय महिला क्रिकेट टीम की घोषणा की। भारतीय स्क्वाड में चंडीगढ़ की नंदिनी शर्मा को जगह दी गई है। भारतीय महिला टीम में उनका चयन होना यूनियन टेरिटरी क्रिकेट एसोसिएशन (यूटीसीए) के लिए भी अच्छी खबर है।
भारतीय महिला टीम पिछली बार चीन के हांगझोऊ में 23 सितंबर से 8 अक्टूबर 2023 तक हुए एशियाई खेलों में गोल्ड मेडल जीतने के बाद डिफेंडिंग चैंपियन के तौर पर इस प्रतियोगिता में उतरेगी। नंदिनी के अलग-अलग घरेलू और राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन करने को देखते हुए स्क्वाड में जगह दी गई है।
वर्ष की शुरुआत में उन्होंने एसीसी राइजिंग स्टार महिला एशिया कप में इंडिया ए का प्रतिनिधित्व किया। बीसीसीआई की ओर से आयोजित अंडर-19, अंडर-23 और सीनियर लेवल के टूर्नामेंट में पंजाब और यूटीसीए दोनों का प्रतिनिधित्व करने के बाद, नंदिनी ने सीनियर महिला इंटर-जोनल टूर्नामेंट, महिला टी20 चैलेंजर ट्रॉफी और सीनियर महिला वनडे चैलेंजर ट्रॉफी जैसी बड़ी घरेलू प्रतियोगिताओं में लगातार अच्छा प्रदर्शन किया है।
महिला प्रीमियर लीग (डब्ल्यूपीएल) में वे दिल्ली कैपिटल्स का हिस्सा हैं। डब्ल्यूपीएल में उन्होंने बेहतरीन खेल दिखाया। इंग्लैंड में खेले जाने वाले टी20 वर्ल्ड कप के लिए भी भारतीय टीम में उनको जगह दी गई है।
नंदिनी शर्मा के चयन को लेकर खुशी जताते हुए यूटीसीए अध्यक्ष सारांश टंडन ने कहा, "एशियाई खेलों के लिए भारतीय टीम में नंदिनी का चुना जाना चंडीगढ़ और यूटीसीए के लिए बहुत गर्व की बात है। उन्होंने वर्षों की मेहनत, अनुशासन और लगातार अच्छे प्रदर्शन से यह मौका हासिल किया है। हमें भरोसा है कि वह भारतीय टीम में अहम योगदान देंगी और इस इलाके के युवा क्रिकेटरों को प्रेरित करती रहेंगी।"
एशियाई गेम्स 2026 के लिए भारतीय स्क्वाड: हरमनप्रीत कौर (कप्तान), स्मृति मंधाना (उप-कप्तान), शेफाली वर्मा, जेमिमा रोड्रिग्स, दीप्ति शर्मा, ऋचा घोष (विकेटकीपर), जी. कामलिनी (विकेटकीपर), भारती फुलमाली, श्री चरणी, रेणुका ठाकुर, क्रांति गौड़, अरुंधति रेड्डी, श्रेयंका पाटिल (फिटनेस पर निर्भर), राधा यादव, नंदनी शर्मा।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   1 July 2026 11:05 AM IST












