सीपीआई(एम)-एसडीपीआई गठजोड़ के आरोप 'पूरी तरह बेबुनियाद' मुख्यमंत्री पिनराई विजयन

सीपीआई(एम)-एसडीपीआई गठजोड़ के आरोप पूरी तरह बेबुनियाद  मुख्यमंत्री पिनराई विजयन
आगामी केरल विधानसभा चुनाव से पहले पहले आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज हो गया है। इसी बीच मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन ने कांग्रेस द्वारा लगाए गए सीपीआई(एम)-एसडीपीआई गठजोड़ के आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है। मंगलवार को मीडिया से बातचीत में उन्होंने इन आरोपों को पूरी तरह बेबुनियाद और राजनीति से प्रेरित बताया।

तिरुवनंतपुरम, 31 मार्च (आईएएनएस)। आगामी केरल विधानसभा चुनाव से पहले पहले आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज हो गया है। इसी बीच मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन ने कांग्रेस द्वारा लगाए गए सीपीआई(एम)-एसडीपीआई गठजोड़ के आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है। मंगलवार को मीडिया से बातचीत में उन्होंने इन आरोपों को पूरी तरह बेबुनियाद और राजनीति से प्रेरित बताया।

मुख्यमंत्री ने साफ कहा कि न तो एसडीपीआई से किसी तरह का समर्थन मांगा गया है और न ही उनके साथ किसी प्रकार की कोई समझ है। उन्होंने कहा कि नेमोम सीट की स्थिति पहले जैसी ही है और 2021 विधानसभा चुनाव से इसकी तुलना करना गलत है।

सीएम विजयन ने कहा, "कुछ लोग यह सोच सकते हैं कि भारतीय जनता पार्टी को हराने के लिए एलडीएफ सबसे बेहतर विकल्प है, लेकिन इसे किसी राजनीतिक समझौते के रूप में नहीं देखा जा सकता।" उन्होंने दोहराया कि लेफ्ट डेमोक्रेटिक फ्रंट (एलडीएफ) की विचारधारा पूरी तरह से स्पष्ट है और वह किसी भी तरह के सांप्रदायिक रुख के खिलाफ सख्ती से खड़ा है।

इस दौरान उन्होंने कोल्लम में सोमवार को हुए एक विवाद का भी जिक्र किया, जहां मीडिया से उनकी बातचीत को लेकर आलोचना हुई थी। सीएम विजयन ने बताया कि आमतौर पर वह 30 से 40 मिनट तक मीडिया से बात करते हैं, लेकिन चुनावी व्यस्तता के चलते समय कम होने की वजह से बातचीत छोटी रखनी पड़ी।

उन्होंने कहा, "यह मेरा काम नहीं है कि कौन सवाल पूछेगा, यह पत्रकार तय करते हैं।" सीएम विजयन ने यह भी स्पष्ट किया कि वह तय समय पूरा होने के बाद ही वहां से गए थे, लेकिन जब माहौल में हंगामा हुआ तो स्थिति स्पष्ट करने के लिए वापस लौटे।

मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि कुछ लोग जानबूझकर माहौल बिगाड़ने के इरादे से आए थे और इस घटना को तोड़-मरोड़कर पेश किया गया।

विकास कार्यों का जिक्र करते हुए सीएम विजयन ने विजिंजम पोर्ट प्रोजेक्ट को केरल के विकास का 'चमकता अध्याय' बताया। उन्होंने कहा कि यह परियोजना ट्रांसशिपमेंट सेक्टर में बड़ी भूमिका निभाएगी और इसके चारों चरण 2028 तक पूरे हो जाएंगे। अब तक इस पोर्ट से 125 करोड़ रुपए का राजस्व भी प्राप्त हो चुका है।

सीएम विजयन ने उस टिप्पणी पर भी प्रतिक्रिया दी, जिसमें राहुल गांधी ने सोमवार को पथानमथिट्टा में एक चुनावी रैली के दौरान वायरल हो चुका “पोट्टिये केट्टीये” पैरोडी गाना गाया था। उन्होंने संक्षेप में कहा, “सबने देखा कि वह व्यक्ति कहां तक पहुंच गया।” उनका इशारा मुख्य आरोपी उन्नीकृष्णन पोट्टी की उस खबर की ओर था, जिसमें बताया गया कि उनकी दिल्ली में सोनिया गांधी से मुलाकात हुई थी। हालांकि, उन्होंने इस बारे में ज्यादा विस्तार नहीं किया।

बता दें कि मुख्यमंत्री विजयन चुनाव से पहले पूरे राज्य में लगातार दौरे कर रहे हैं और रोजाना मीडिया से बातचीत कर रहे हैं। केरल में 9 अप्रैल को 140 विधानसभा सीटों के लिए मतदान होगा, जबकि नतीजे 4 मई को घोषित किए जाएंगे।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   31 March 2026 1:46 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story