झारखंड की कोडरमा घाटी में बोरे में बंद मिला महिला का अर्धनग्न शव
कोडरमा, 31 मार्च (आईएएनएस)। झारखंड के कोडरमा जिला अंतर्गत के मेघातरी स्थित पैरी माइंस के समीप मंगलवार को एक महिला का अर्धनग्न शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की जानकारी तब हुई जब कुछ ग्रामीणों ने सड़क किनारे जंगल में एक प्लास्टिक का बोरा देखा, जिससे महिला का पैर बाहर निकला हुआ था।
यह खबर तेजी से फैली और मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। सूचना पाकर कोडरमा थाना पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू की। फिलहाल मृत महिला की शिनाख्त नहीं हो पाई है प्राथमिक जांच और शव की स्थिति को देखते हुए स्थानीय लोगों ने यह आशंका जताई है कि महिला की कहीं और हत्या करने के बाद साक्ष्य छिपाने की नीयत से शव को बोरे में बंद कर यहां फेंक दिया गया है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है। थाना प्रभारी ने इस संबंध में बताया कि पूरे मामले की गहनता से जांच की जा रही है। आसपास के थानों से भी संपर्क कर मृतका की पहचान सुनिश्चित करने का प्रयास किया जा रहा है।
कोडरमा थाना क्षेत्र में एक महीना पहले भी जेजे कॉलेज के सामने होली फैमिली अस्पताल के बाउंड्री वॉल के भीतर एक अज्ञात महिला का अर्धनग्न शव बरामद किया गया था, जिसका सिर गायब था। उस मामले में भी अब तक मृतका की पहचान नहीं हो सकी है और अपराधी पुलिस की पहुंच से बाहर हैं। पुलिस विभिन्न वैज्ञानिक पहलुओं और तकनीकी साक्ष्यों को ध्यान में रखकर इस हत्याकांड की गुत्थी को सुलझाने में जुटी है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   31 March 2026 2:58 PM IST












