नालंदा के शीतला मंदिर भगदड़ मामले की मुख्य सचिव करेंगे जांच संजय सरावगी
पटना, 31 मार्च (आईएएनएस)। बिहार भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने नालंदा स्थित मां शीतला मंदिर में हुए भगदड़ मामले पर दुख जताते हुए कहा कि पीड़ित परिवार के प्रति मेरी संवेदना है। उन्होंने कहा कि मुख्य सचिव को इस पूरे मामले की जांच के आदेश दिए गए हैं।
मीडिया से बातचीत के दौरान संजय सरावगी ने कहा कि नालंदा के शीतला माता मंदिर में चैत्र के अंतिम मंगलवार को काफी भीड़ उमड़ी, जिससे भगदड़ मच गई और कई श्रद्धालुओं की मौत हुई। हम उनके प्रति संवेदना व्यक्त करते हैं, जो घायल हैं, सरकार समुचित इलाज करा रही है। आयुक्त को घटनास्थल पर भेजा गया है। मुख्य सचिव को जांच के आदेश दिए गए हैं, जिसमें भगदड़ के कारणों की भी जांच होगी।
जांच की रिपोर्ट आने पर त्वरित गति से कार्रवाई होगी। इस हादसे में प्रभावित सभी परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएँ हैं। स्थानीय प्रशासन तत्परता से घायलों की सहायता में जुटा है। शीतला माता से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्माओं को शांति दें तथा घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्रदान करें।
जदयू प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने कहा कि नालंदा स्थित माता शीतला मंदिर में हुई भगदड़ की अत्यंत दुखद घटना में श्रद्धालुओं के निधन का समाचार हृदयविदारक है। इस हादसे में जान गंवाने वाले सभी श्रद्धालुओं के प्रति मैं अपनी गहरी शोक संवेदना व्यक्त करता हूं। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करें और शोक संतप्त परिजनों को इस असहनीय दुःख को सहन करने की शक्ति और संबल दें। साथ ही इस घटना में घायल सभी श्रद्धालुओं के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूँ। इस कठिन घड़ी में मेरी संवेदनाएं और प्रार्थनाएं पीड़ित परिवारों के साथ हैं।
मंत्री दिलीप जायसवाल ने कहा कि बिहार के नालंदा स्थित शीतला माता मंदिर में चैत्र मास के अंतिम मंगलवार के अवसर पर पूजा के दौरान हुई भगदड़ की खबर अत्यंत हृदयविदारक और पीड़ादायक है। इस दुर्भाग्यपूर्ण हादसे में कई श्रद्धालुओं, विशेषकर महिलाओं की असामयिक मृत्यु का समाचार सुनकर मन अत्यंत व्यथित है। शोक की इस कठिन घड़ी में मेरी गहरी संवेदनाएं शोकाकुल परिजनों के साथ हैं।
उन्होंने कहा कि प्रशासन को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि इस हादसे में घायल हुए सभी श्रद्धालुओं के समुचित और त्वरित इलाज की हर संभव व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। ईश्वर पुण्यात्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और शोकाकुल परिजनों को यह वज्रपात सहन करने का संबल प्रदान करें। मैं ईश्वर से सभी घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ और पूर्ण आरोग्य की प्रार्थना करता हूं।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   31 March 2026 3:23 PM IST












