'सतरंगी- बदले का खेल' में दिखेगी पहचान, परंपरा और बदले की कहानी, शो के कलाकारों ने साझा किया अनुभव
मुंबई, 31 मार्च (आईएएनएस)। ओटीटी प्लेटफॉर्म पर इन दिनों ऐसी कहानियों की मांग तेजी से बढ़ रही है, जो सिर्फ मनोरंजन तक सीमित न हों, बल्कि समाज के अनछुए पहलुओं को भी सामने लाएं। इसी कड़ी में अब एक नया शो 'सतरंगी- बदले का खेल' चर्चा में है। यह शो उत्तर प्रदेश के ग्रामीण माहौल में सेट है, जहां परंपराएं और सामाजिक मान्यताएं लोगों के जीवन पर गहरा असर डालती हैं।
शो की कहानी बबलू महतो नामक किरदार के इर्द-गिर्द घूमती है, जिसे अभिनेता अंशुमान पुष्कर निभा रहे हैं। बबलू एक लौंडा डांसर के बेटे के रूप में बड़ा होता है। हालात ऐसे बनते हैं कि उसे अपने पिता के इस पेशे को अपनाना पड़ता है। यह पेशा समाज में अक्सर गलत नजरिए से देखा जाता है, जिसके कारण बबलू को कई तरह की चुनौतियों और तानों का सामना करना पड़ता है।
इस किरदार के जरिए शो समाज में मौजूद पूर्वाग्रहों और भेदभाव को उजागर करता है। बबलू का जीवन एक ऐसे इंसान का सफर है, जो अपनी पहचान, सम्मान और जगह के लिए संघर्ष करता है। उसके जीवन में रिश्तों की जटिलता, समाज का दबाव और अंदर ही अंदर पल रहा गुस्सा कहानी को और गहराई देता है।
शो में अभिनेत्री महवश भी अहम भूमिका निभा रही हैं। उन्होंने इस प्रोजेक्ट को अपने करियर का एक अलग और नया अनुभव बताया। महवश ने कहा, ''इस शो का टोन काफी रियल और गंभीर है, जिसने मुझे अपने कम्फर्ट जोन से बाहर निकलकर काम करने का मौका दिया। इस किरदार ने मुझे एक कलाकार के तौर पर खुद को और बेहतर समझने का अवसर दिया है।''
महवश ने कहा, ''इस तरह की कहानी में काम करना मेरे लिए बेहद संतोषजनक रहा। इस शो के जरिए मैंने अपने अभिनय के नए पहलुओं को खोजा और सीखा।''
वहीं, अंशुमान पुष्कर ने अपने किरदार को लेकर कहा, ''यह मेरे लिए एक बेहद खास अनुभव रहा। लौंडा डांसर की दुनिया को अक्सर लोग गलत समझते हैं और उसे कमतर आंकते हैं। ऐसे में इस किरदार को ईमानदारी के साथ निभाना मेरे लिए एक बड़ी जिम्मेदारी थी।''
उन्होंने कहा, ''मुझे अंदर से इस किरदार को महसूस करना पड़ा, तभी एक सच्चा और वास्तविक प्रदर्शन सामने आया। इस तरह की अलग और अनोखी कहानी में मुख्य भूमिका निभाना मेरे करियर के सबसे यादगार अनुभवों में से एक है।''
'सतरंगी - बदले का खेल' जल्द ही ओटीटी प्लेटफॉर्म जी5 पर स्ट्रीम होगा।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   31 March 2026 3:08 PM IST












