दिल्ली पुलिस ने ई-कॉमर्स धोखाधड़ी करने वाले गिरोह का किया भंडाफोड़, चार लोग गिरफ्तार
नई दिल्ली, 11 जून (आईएएनएस)। दिल्ली पुलिस ने 'ऑपरेशन साइ हॉक' के तहत एक संगठित ई-कॉमर्स धोखाधड़ी गिरोह का भंडाफोड़ किया है। यह गिरोह ऑनलाइन डिलीवरी और लॉजिस्टिक्स सिस्टम में हेरफेर कर विक्रेताओं (वेंडर्स) को ठगने का काम करता था।
पुलिस ने इस मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें तीन कर्मचारी और एक चोरी का सामान खरीदने वाला व्यक्ति शामिल है। आरोपियों के कब्जे से करीब 6.5 लाख रुपए की आर्टिफिशियल ज्वेलरी भी बरामद की गई है।
पुलिस के अनुसार, यह मामला तब सामने आया, जब फ्लिपकार्ट की कंसाइनमेंट संग्रह और डिलीवरी से जुड़ी लॉजिस्टिक्स कंपनी वेरकैटलिस्ट प्राइवेट लिमिटेड ने शिकायत दर्ज कराई। कंपनी के ओखला फेज-2 स्थित संजय कॉलोनी के गोदाम में आंतरिक ऑडिट के दौरान पाया गया कि कई महंगे आभूषणों के पार्सल छेड़छाड़ किए गए या खाली हालत में पहुंच रहे थे।
शिकायत के आधार पर ओखला इंडस्ट्रियल एरिया थाने में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच में पता चला कि आरोपी अर्पित कश्यप और आकाश राठौर ने टेंपो चालक मोहित कुमार के साथ मिलकर साजिश रची थी जो पिकअप स्टाफ के रूप में कार्यरत थे। आरोपियों ने वेंडर पोर्टल और पार्सल मूवमेंट सिस्टम तक अपनी पहुंच का गलत इस्तेमाल किया।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी महंगे आभूषणों के पिकअप ऑर्डर तैयार करते और वेंडर्स से असली पार्सल ले लेते थे। इसके बाद वे गोदाम में जमा करने से पहले ऑर्डर रद्द कर देते, पार्सल खोलकर उसमें से कीमती आभूषण निकाल लेते और फिर डिब्बों को दोबारा पैक कर देते थे। बाद में इन छेड़छाड़ किए गए पार्सलों को गोदाम में जमा कर दिया जाता था, जिससे यह लगे कि डिलीवरी सही तरीके से हुई है।
चोरी किए गए आभूषणों को बाद में अनमोल उर्फ अनमोल पोद्दार को कम कीमत पर बेचा जाता था। पुलिस का आरोप है कि वह बिना बिल और सामान के स्रोत की जांच किए इन्हें खरीदता था।
जांच टीम ने तकनीकी निगरानी, डिजिटल फॉरेंसिक विश्लेषण और स्थानीय खुफिया जानकारी की मदद से मामले का खुलासा किया। जांच के दौरान वेंडर पोर्टल की गतिविधियां, ऑर्डर आईडी, पार्सल मूवमेंट लॉग, रूट शीट, मोबाइल फोन रिकॉर्ड और अन्य डिजिटल सबूतों की जांच की गई।
पुलिस ने बताया कि जांच में महंगे ऑर्डर बनाने, उन्हें रद्द करने और छेड़छाड़ किए गए पार्सल जमा करने का एक तय पैटर्न सामने आया, जिससे आरोपियों की साजिश की पुष्टि हुई।
आरोपियों की निशानदेही पर करीब 6.5 लाख रुपए की कृत्रिम चांदी की ज्वेलरी बरामद कर जब्त की गई है। बरामद सामान का मिलान वेंडर्स के बिल और शिपमेंट रिकॉर्ड से किया जा रहा है।
पुलिस ने बताया कि मामले में आगे की जांच जारी है और आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड तथा अन्य बरामदगी की भी जांच की जा रही है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   11 Jun 2026 3:46 PM IST












