जयशंकर और ऑस्ट्रिया की विदेश मंत्री ने द्विपक्षीय संबंधों और वैश्विक मुद्दों पर की चर्चा

नई दिल्ली, 28 अक्टूबर (आईएएनएस)। विदेश मंत्री एस जयशंकर ने बुधवार को नई दिल्ली में अपनी ऑस्ट्रियाई समकक्ष बीएटे माइनल-राइजिंगर के साथ बैठक की। इस दौरान दोनों नेताओं ने भारत-ऑस्ट्रिया साझेदारी के विभिन्न पहलुओं, जिनमें व्यापार, निवेश, बुनियादी ढांचा, प्रौद्योगिकी, शिक्षा और संस्कृति शामिल हैं, पर चर्चा की। इसके साथ ही दोनों नेताओं ने वैश्विक घटनाक्रमों, उनके प्रभावों और बहुपक्षीय सहयोग पर भी विचारों का आदान-प्रदान किया।
बैठक के बाद विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, "आज नई दिल्ली में विदेश मंत्री बीएटे माइनल-राइजिंगर से मिलकर खुशी हुई। हमारी विस्तारित साझेदारी के विभिन्न पहलुओं, जिनमें व्यापार, निवेश, बुनियादी ढांचा, प्रौद्योगिकी, शिक्षा और संस्कृति शामिल हैं, पर विस्तार से बातचीत हुई। स्टार्टअप, अंतरिक्ष, कौशल विकास और आवागमन के क्षेत्र में सहयोग के नए अवसरों पर भी चर्चा की।"
उन्होंने आगे कहा कि दोनों पक्षों ने वैश्विक घटनाक्रमों, उनके प्रभावों और बहुपक्षीय सहयोग पर विचार साझा किए। जयशंकर के अनुसार, बातचीत से दोनों देशों के बीच मैत्रीपूर्ण संबंधों की गर्मजोशी झलकी।
बैठक की शुरुआत में जयशंकर ने भारत दौरे पर आए ऑस्ट्रियाई प्रतिनिधिमंडल का गर्मजोशी से स्वागत किया। उन्होंने कहा कि भारत और ऑस्ट्रिया के बीच मैत्रीपूर्ण संबंध हैं। उन्होंने अप्रैल में ऑस्ट्रिया के चांसलर की भारत यात्रा को भी याद किया और कहा कि वह यात्रा काफी सार्थक रही थी।
जयशंकर ने कहा कि मौजूदा बैठक में दोनों देशों को उस दौरान बनी सहमतियों और हुए समझौतों पर प्रगति की समीक्षा करने का अवसर मिला है। उन्होंने कहा कि दुनिया इस समय कई जटिल परिस्थितियों से गुजर रही है। ऐसे में भारत और ऑस्ट्रिया जैसे मित्र देशों के लिए वैश्विक मुद्दों पर चर्चा करना और अंतरराष्ट्रीय शांति एवं सुरक्षा में संयुक्त योगदान के तरीकों पर विचार करना स्वाभाविक है।
विदेश मंत्री ने संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (यूएनएससी) का गैर-स्थायी सदस्य बनने पर ऑस्ट्रिया को बधाई भी दी। उन्होंने कहा कि दोनों देशों का संयुक्त राष्ट्र के ढांचे में सहयोग का लंबा इतिहास रहा है और भारत इस सहयोग को आगे भी जारी रखना चाहता है।
जयशंकर ने कहा कि भारत और ऑस्ट्रिया के बीच आर्थिक सहयोग अच्छा चल रहा है, लेकिन इसमें सुधार और विस्तार की काफी संभावनाएं हैं। उन्होंने विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी, जलवायु संबंधी मुद्दों और लोगों के बीच संपर्क के क्षेत्रों में दोनों देशों के बढ़ते सहयोग का भी उल्लेख किया।
उन्होंने यूरोपीय संघ (ईयू) के साथ भारत के मजबूत होते संबंधों का जिक्र करते हुए कहा कि आने वाले महीनों में भारत-यूरोपीय संघ मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए) के लागू होने की उम्मीद है। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि भारत और ऑस्ट्रिया के बीच सुरक्षा एवं रक्षा साझेदारी भी आगे बढ़ रही है।
बैठक में विदेश मंत्रालय में सचिव (पश्चिम) सिबी जॉर्ज सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।
बीएटे माइनल-राइजिंगर 2 नवंबर तक भारत की आधिकारिक यात्रा पर हैं। नई दिल्ली में अपने कार्यक्रम पूरे करने के बाद वह 29 अक्टूबर से 2 नवंबर तक जयपुर में विभिन्न कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगी।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :  
