झारखंड भाजपा का सरकार को अल्टीमेटम, रांची के राजस्व कर्मचारी हत्याकांड का 7 दिन में खुलासा न हुआ तो सड़क पर उतरेंगे

रांची, 28 अक्टूबर (आईएएनएस)। झारखंड की राजधानी रांची में राजस्व कर्मचारी लक्ष्मीकांत मुंडा की हत्या के मामले में भाजपा ने पुलिस को सात दिनों के भीतर हत्याकांड का खुलासा करने का अल्टीमेटम दिया है। पार्टी ने चेतावनी दी है कि निर्धारित समय में मामले का खुलासा नहीं होने पर उग्र आंदोलन किया जाएगा। बुधवार को भाजपा के एक प्रतिनिधिमंडल ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और मृतक के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें न्याय दिलाने के लिए संघर्ष करने का भरोसा दिया।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू के निर्देश पर गठित प्रतिनिधिमंडल में पूर्व सांसद समीर उरांव, रामकुमार पाहन, अशोक बड़ाईक, आरती कुजूर और विनय महतो धीरज शामिल थे। प्रतिनिधिमंडल ने नामकुम के जोरार स्थित तेतरी टोली में घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास के लोगों से बातचीत कर घटना की जानकारी ली। इसके बाद भाजपा नेता बुंडू के दलकीडीह गांव पहुंचे और लक्ष्मीकांत मुंडा के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी।
भाजपा नेताओं ने परिजनों को आश्वस्त किया कि पार्टी इस दुख की घड़ी में उनके साथ है। उन्होंने कहा कि आरोपियों की गिरफ्तारी और उन्हें सजा दिलाने के लिए पार्टी परिवार को न्याय मिलने तक संघर्ष करेगी। इसके बाद प्रतिनिधिमंडल नामकुम थाना पहुंचा और थाना प्रभारी से मुलाकात कर मामले की जांच में तेजी लाने की मांग की।
भाजपा नेताओं ने कहा कि पुलिस सात दिनों के भीतर हत्याकांड का खुलासा करे। ऐसा नहीं होने पर पार्टी आंदोलन करेगी। प्रतिनिधिमंडल के संयोजक और पूर्व सांसद समीर उरांव ने राज्य की हेमंत सोरेन सरकार पर कानून-व्यवस्था के मोर्चे पर विफल रहने का आरोप लगाया।
उन्होंने कहा कि राजधानी रांची में दिनदहाड़े घर में घुसकर एक सरकारी कर्मचारी की हत्या होना गंभीर चिंता का विषय है। उनके मुताबिक, इस घटना से राज्य में कानून-व्यवस्था की स्थिति पर सवाल खड़े होते हैं। समीर उरांव ने आरोप लगाया कि राज्य में आदिवासी सुरक्षित नहीं हैं और अपराधियों का मनोबल बढ़ा हुआ है। उन्होंने पुलिस से हत्याकांड में शामिल लोगों को जल्द गिरफ्तार करने और उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई करने की मांग की।
उन्होंने दोहराया कि समय पर कार्रवाई नहीं होने पर भाजपा आंदोलन का रास्ता अपनाएगी। इस दौरान भाजपा जिला उपाध्यक्ष प्रमोद सिंह, लोवाडीह मंडल अध्यक्ष अशोक गोप, पूर्व मंडल अध्यक्ष अशोक मुंडा सहित पार्टी के कई पदाधिकारी, कार्यकर्ता और स्थानीय ग्रामीण मौजूद थे।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :  
