विदेश मंत्री जयशंकर और उनके भूटानी समकक्ष ने बहुआयामी साझेदारी को आगे बढ़ाने पर चर्चा की
थिंपू, 16 सितंबर (आईएएनएस)। विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने बुधवार को भुमथांग में भूटान के विदेश मंत्री ल्योनपो डी.एन. धुंग्येल के साथ बातचीत की और दोनों पड़ोसी देशों के बीच व्यापक सहयोग की समीक्षा की।
मुलाकात की वीडियो क्लिप और मुख्य बातों को विदेश मंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर साझा किया। उन्होंने कहा, "भूटान के विदेश मंत्री ल्योंपो डी. एन. धुंग्येल से मिलकर और व्यापक सहयोग की समीक्षा करके बहुत खुशी हुई। बुमथांग के आध्यात्मिक और ऐतिहासिक केंद्र में मेरी मेहमान नवाजी करने के लिए उनका धन्यवाद। हमारी बातचीत विकास साझेदारी, ऊर्जा, व्यापार, कनेक्टिविटी, संस्कृति और लोगों के बीच संबंधों में हमारे बहुआयामी जुड़ाव को आगे बढ़ाने पर केंद्रित थी। चर्चा में हमारे रिश्ते का विश्वास, सद्भावना और अपनापन झलका।"
इससे पहले दिन में, विदेश मंत्री का भूटान आगमन पर गर्मजोशी से स्वागत किया गया। वे लंबे समय से चले आ रहे द्विपक्षीय सहयोग को और गहरा करने के उद्देश्य से दो दिवसीय यात्रा पर भूटान पहुंचे हैं। हवाई अड्डे पर उनके समकक्ष धुंग्येल ने उनका स्वागत किया।
अपनी प्रसन्नता व्यक्त करते हुए जयशंकर ने लिखा, "कुजुजांगपो ला भूटान! आज पारो पहुंचकर बहुत खुशी हुई। गर्मजोशी से स्वागत के लिए भूटान के विदेश मंत्री ल्योंपो डी. एन. धुंग्येल का धन्यवाद। दोस्ती के हमारे अनोखे रिश्तों को आगे बढ़ाने के लिए अपनी मुलाकातों का बेसब्री से इंतजार है।"
विदेश मंत्रालय (एमईए) के अनुसार, भूटान के विदेश मंत्री के साथ द्विपक्षीय बातचीत के अलावा, विदेश मंत्री भूटान के राजा जिग्मे खेसर नामग्याल वांगचुक से भी मुलाकात करेंगे और प्रधानमंत्री शेरिंग तोबगे से भी मिलेंगे।
विदेश मंत्रालय ने एक बयान जारी कर बताया, "यह यात्रा भारत और भूटान के बीच नियमित उच्च-स्तरीय आदान-प्रदान की परंपरा के अनुरूप है, और इसका उद्देश्य दोनों देशों के बीच दोस्ती और सहयोग के मौजूदा करीबी रिश्तों को और मजबूत करना है।"
यह यात्रा भारत और भूटान के बीच लगातार उच्च-स्तरीय और संस्थागत जुड़ाव की पृष्ठभूमि में हो रही है, जिसमें राजनयिक, विकासात्मक और लोगों पर केंद्रित पहलों में सहयोग शामिल है।
सोमवार को, मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने भूटान की अपनी तीन दिवसीय यात्रा की शुरुआत में थिंपू में भूटान के राजा जिग्मे खेसर नामग्याल वांगचुक से मुलाकात की।
एक आधिकारिक बयान के अनुसार, सीईसी की यात्रा का उद्देश्य भारतीय निर्वाचन आयोग और भूटान के चुनाव आयोग के बीच संस्थागत सहयोग को और मजबूत करना और उनके निरंतर जुड़ाव को आगे बढ़ाना है। कुमार की यात्रा के दौरान मुख्य आकर्षण राष्ट्रीय मतदाता दिवस था, जो मंगलवार को पारो के जिग्मे सिंग्ये वांगचुक स्कूल ऑफ लॉ में मनाया गया।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   16 Sept 2026 6:36 PM IST












