सिंडिकेट मामले में गिरफ्तार पूर्व कोलकाता पुलिस डीसी के करीबी तीन पुलिसकर्मियों को ईडी का समन
कोलकाता, 24 जून (आईएएनएस)। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने आपराधिक सिंडिकेट से जुड़े मामले में गिरफ्तार पूर्व कोलकाता पुलिस उपायुक्त शांतनु सिन्हा बिस्वास के करीबी तीन पुलिस अधिकारियों को पूछताछ के लिए तलब किया है।
केंद्रीय जांच एजेंसी के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बुधवार को बताया कि जिन तीन पुलिसकर्मियों को समन जारी किया गया है, उनमें दक्षिण कोलकाता के एक थाने में तैनात एक सब-इंस्पेक्टर भी शामिल है।
इसके अलावा, ईडी ने गिरफ्तार सिंडिकेट संचालक बिस्वजीत पोद्दार उर्फ सोना पप्पू के परिवार के सदस्यों को भी पूछताछ के लिए बुलाया है। उनकी पत्नी सोमा पोद्दार सहित परिवार के कई सदस्यों को इस सप्ताह ईडी कार्यालय में उपस्थित होने का निर्देश दिया गया है।
दक्षिण कोलकाता के बालीगंज निवासी सोना पप्पू पर जमीन कब्जाने, जबरन वसूली और अवैध हथियार रखने समेत कई गंभीर आरोप हैं। उनके खिलाफ शस्त्र अधिनियम के तहत भी मामला दर्ज है।
ईडी ने इन्हीं आरोपों के आधार पर जांच शुरू की थी। जांच के दौरान कारोबारी जॉय कामदार का नाम भी सामने आया, जिसके बाद एजेंसी ने उन्हें भी इसी मामले में गिरफ्तार किया था।
जांच के सिलसिले में ईडी ने दक्षिण कोलकाता के फर्न रोड स्थित शंतनु सिन्हा बिस्वास के आवास पर भी छापेमारी की थी। तलाशी अभियान के अगले दिन एजेंसी ने शंतनु और उनके दो बेटों सायंतन तथा मनीष को साल्ट लेक स्थित सीजीओ कॉम्प्लेक्स कार्यालय में पूछताछ के लिए तलब किया था, लेकिन उस दिन वे ईडी कार्यालय नहीं पहुंचे।
अप्रैल में भी ईडी ने रेत तस्करी मामले की जांच के तहत शांतनु को पूछताछ के लिए बुलाया था, लेकिन उन्होंने समन की अनदेखी की थी। बाद में उनके खिलाफ लुकआउट सर्कुलर भी जारी किया गया।
कई बार समन से बचने के बाद जब शंतनु ईडी कार्यालय पहुंचे, तो लंबी पूछताछ के बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। हालांकि उस समय तक सोना पप्पू फरार था।
पिछले महीने सोना पप्पू अचानक अपनी पत्नी के साथ सीजीओ कॉम्प्लेक्स स्थित ईडी कार्यालय पहुंचा था। वहां लंबी पूछताछ के बाद उसे भी गिरफ्तार कर लिया गया।
फिलहाल शांतनु सिन्हा बिस्वास, सोना पप्पू और जॉय कामदार तीनों न्यायिक हिरासत में हैं। ईडी अब सोना पप्पू की पत्नी और अन्य पारिवारिक सदस्यों से पूछताछ कर मामले के वित्तीय और आपराधिक पहलुओं की गहन जांच करना चाहती है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   24 Jun 2026 5:06 PM IST












