लावणी सिर्फ डांस नहीं, पीढ़ियों की संस्कृति और कहानियों की विरासत है वैभवी मर्चेंट

लावणी सिर्फ डांस नहीं, पीढ़ियों की संस्कृति और कहानियों की विरासत है  वैभवी मर्चेंट
कोरियोग्राफर वैभवी मर्चेंट बॉलीवुड की जानी-मानी अभिनेत्री श्रद्धा कपूर की आने वाली फिल्म 'ईठा' के जरिए एक बार फिर पर्दे पर वापसी करने वाली है। यह फिल्म एक बायोग्राफिकल ड्रामा है, जिसमें श्रद्धा तमाशा कलाकार, लावणी डांसर और लोक गायिका विठाबाई नारायणगांवकर की भूमिका निभा रही हैं। वैभवी मर्चेंट ने फिल्म में लावणी डांस सीक्वेंस को तैयार किया है और इसका अनुभव आईएएनएस संग साझा किया।

मुंबई, 24 जून (आईएएनएस)। कोरियोग्राफर वैभवी मर्चेंट बॉलीवुड की जानी-मानी अभिनेत्री श्रद्धा कपूर की आने वाली फिल्म 'ईठा' के जरिए एक बार फिर पर्दे पर वापसी करने वाली है। यह फिल्म एक बायोग्राफिकल ड्रामा है, जिसमें श्रद्धा तमाशा कलाकार, लावणी डांसर और लोक गायिका विठाबाई नारायणगांवकर की भूमिका निभा रही हैं। वैभवी मर्चेंट ने फिल्म में लावणी डांस सीक्वेंस को तैयार किया है और इसका अनुभव आईएएनएस संग साझा किया।

आईएएनएस से बात करते हुए वैभवी मर्चेंट ने कहा, ''फिल्म 'ईठा' में लावणी को दिखाना मेरे लिए भावनात्मक और सांस्कृतिक जिम्मेदारी थी। यह एक विरासत को सम्मान देने की कोशिश है। लावणी भारत की लोक नृत्य परंपराओं में से एक है, जिसमें सिर्फ नृत्य नहीं बल्कि पीढ़ियों की कहानियां, संघर्ष, ताकत और कला की गहराई छिपी हुई है। इस कला को समझना और उसे स्क्रीन पर सही रूप में प्रस्तुत करना बेहद जरूरी था।''

उन्होंने कहा, "जब मैंने इस फिल्म के लिए काम शुरू किया, तो मेरा पूरा ध्यान इस बात पर था कि लावणी की असली आत्मा को कैसे बरकरार रखा जाए। मेरे लिए यह प्रोजेक्ट एक मौका था, जहां मैं एक ऐसी परंपरा को दुनिया के सामने पेश कर सकती थी, जिसे अक्सर सीमित रूप में देखा जाता है। मेरा मानना है कि लोक कला को सही सम्मान और मंच मिलना चाहिए, ताकि नई पीढ़ी उससे जुड़ सके।"

वैभवी मर्चेंट ने आगे कहा, ''आज के समय में जब दर्शक तेजी से बदल रहे हैं, तब जरूरी है कि पारंपरिक कलाओं को इस तरह प्रस्तुत किया जाए कि वह आधुनिक दर्शकों के लिए भी आकर्षक और समझने योग्य बन सके। इसी सोच के साथ मैंने फिल्म के डांस सीक्वेंस को डिजाइन किया है। अगर इस फिल्म को देखने के बाद कुछ लोग भी लावणी के बारे में जानने, समझने और उसे अपनाने की कोशिश करें, तो यह मेरे लिए सबसे बड़ी सफलता होगी।''

बता दें कि फिल्म 'ईठा' का निर्देशन लक्ष्मण उतेकर ने किया है। इसमें श्रद्धा कपूर, रणदीप हुड्डा और अनंत जोशी मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगे। यह फिल्म मैडॉक फिल्म्स बैनर के तहत बनाई जा रही है और इसे 28 अगस्त को सिनेमाघरों में रिलीज किया जाएगा।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   24 Jun 2026 5:06 PM IST

Tags

Next Story